नवादा: ''न्यू टेक्नोलॉजी'' से 52 लाख की PCC सड़क बनी मुसीबत, रजौली में कीचड़ और दलदल से आवागमन बाधित, लोगों ने किया जमकर प्रदर्शन

Author Kr manish dev|Edited by Raginisharma
Updated:
विज्ञापन
सड़क पर खड़े होकर विरोध जताते ग्रामीण

सड़क पर खड़े होकर विरोध जताते ग्रामीण

Nawada PCC Road Controversy : नवादा जिले के रजौली में नई तकनीक से बन रही 52 लाख की PCC सड़क अब लोगों के लिए सिरदर्द बन गई है. राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़े इस मार्ग पर कीचड़ और दलदल फैलने से पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है. लाखों के बजट के बावजूद सड़क की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं.

विज्ञापन

Nawada PCC Road Controversy : नवादा जिले के रजौली क्षेत्र में ग्रामीण कार्य विभाग द्वारा कथित न्यू टेक्नोलॉजी से बनाई जा रही सड़क अब लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गई है. राष्ट्रीय राजमार्ग 20 से सेक्टर सी और सेक्टर बी के चिरैला स्कूल होते हुए फिर से एनएच-20 को जोड़ने वाली इस सड़क पर इन दिनों कीचड़ फैल गया है. हालात ऐसे हैं कि आम लोगों का चलना तक मुश्किल हो गया है और दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ रहा है.

सड़क के बीचोंबीच बड़े पैमाने पर मिट्टी डाल दी गई है, जिससे पूरी सड़क दलदल में बदल गई है. सुबह टहलने वाले लोग, स्कूली बच्चे और रोजाना आने-जाने वाले राहगीर इस रास्ते से गुजरने में डर महसूस कर रहे हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण के नाम पर यह काम अब मुसीबत का कारण बन गया है.

Nawada News : 52.54 लाख की योजना पर उठे सवाल

सूचना पट्ट के अनुसार इस सड़क की लंबाई करीब 1.100 किलोमीटर है और इसके निर्माण के लिए 52.54439 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है. इसमें 35.15460 लाख रुपये निर्माण कार्य के लिए तय हैं, जबकि रखरखाव और संचालन के लिए अलग से बजट का प्रावधान है.

संवेदक संजय कुमार द्वारा 12 जून 2025 से शुरू किए गए इस काम को 11 जून 2026 तक पूरा करना था. लेकिन तय समय और भारी बजट के बावजूद सड़क की वर्तमान स्थिति विभागीय निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है. कीचड़ और अव्यवस्था यह संकेत दे रही है कि काम गुणवत्ता के साथ नहीं किया जा रहा.

Road construction Protest : ग्रामीणों का विरोध, सरपंच के नेतृत्व में प्रदर्शन

इस स्थिति को लेकर ग्रामीणों में गहरा आक्रोश है. ग्राम कचहरी हरदिया के सरपंच संतोष कुमार के नेतृत्व में दर्जनों ग्रामीण सड़क पर उतर आए और विरोध जताया. प्रदर्शन में अनुज कुमार, करण कुमार, राधाकांत मिश्रा, किशोर साव, भगवान साव, राजू कुमार, दिनेश कुमार, विक्रम कुमार और सनोज कुमार समेत बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए.

बक्सर (81).jpg

सरपंच संतोष कुमार ने बताया कि कुछ महीने पहले सड़क पर सीमेंट का काम हुआ था, लेकिन बारिश के समय अचानक मिट्टी डालने से हालत और खराब हो गई. इससे लोगों की परेशानी कई गुना बढ़ गई है.

ठेकेदार के प्रतिनिधियों पर धमकी देने का आरोप

ग्रामीणों का आरोप है कि जब उन्होंने इस काम का विरोध किया तो ठेकेदार के प्रतिनिधियों ने उन्हें डराने की कोशिश की. ग्रामीणों को एफआईआर और पुलिस कार्रवाई की धमकी दी गई. इसके बावजूद काम जबरन जारी रखा गया.

महिलाओं ने भी नाराजगी जताई. रीना देवी, चिंता देवी, सीमा देवी, सुदमिया देवी, सोनी देवी, रेणु देवी और रंजू देवी ने बताया कि बिना सूचना उनके घरों के सामने कीचड़ फैला दिया गया, जिससे रोजमर्रा का जीवन प्रभावित हो गया है.

शराब के नशे में काम कराने के आरोप

कुछ ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि काम की देखरेख करने वाले लोग शराब के नशे में रहते हैं. भगवान दास नामक ग्रामीण ने कहा कि संवेदक मौके पर नहीं रहते और उनके कर्मचारी लापरवाही से काम करवा रहे हैं. बारिश के कारण मिट्टी गीली रहने से बच्चे और अन्य लोग फिसलकर गिर रहे हैं.

प्रशासन से जांच और सुधार की मांग

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मामले में तुरंत हस्तक्षेप की मांग की है. उनका कहना है कि चिरैला स्कूल के पास होने के कारण रोज सैकड़ों बच्चे इसी रास्ते से गुजरते हैं और हादसे का खतरा बना रहता है.

लोगों ने मांग की है कि पूरे मामले की जांच हो, जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई हो और सड़क को जल्द ठीक कर सुरक्षित बनाया जाए.

क्या कहते हैं अधिकारी

ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता मनोज कुमार ने बताया कि उनकी नई पोस्टिंग है और वह मामले की जानकारी ले रहे हैं. वहीं कनीय अभियंता पंकज कुमार ने कहा कि उन्हें इस बारे में पहले जानकारी नहीं थी, अब जांच कर आगे कार्रवाई की जाएगी.

नवादा में यह सड़क निर्माण अब विकास के बजाय समस्या का कारण बनता दिख रहा है. लाखों रुपये खर्च होने के बावजूद अगर सड़क उपयोग के लायक नहीं है तो यह सीधे तौर पर व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है. अब देखना होगा कि प्रशासन कितनी जल्दी कार्रवाई कर लोगों को राहत दिलाता है.

Also Read : नवादा में आत्महत्या या साजिश? किराए के मकान में पंखे से लटका मिला विवाहिता का शव, जांच में जुटी पुलिस


विज्ञापन
Kr Manish Dev

लेखक के बारे में

By Kr Manish Dev

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन