नवादा में शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप, विवाह से इनकार के बाद युवती ने थाना में दर्ज कराई शिकायत

नगर थाने में आवेदन दिखाती पीड़िता
Nawada News : नवादा से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है जहाँ एक युवक पर शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने का आरोप लगा है. विरोध करने पर आरोपी ने न केवल विवाह से इनकार कर दिया, बल्कि जान से मारने की धमकी भी दी. पीड़िता ने न्याय की गुहार लगाई है.
Nawada News : नगर थाना क्षेत्र की एक युवती ने एक युवक पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने, बाद में विवाह से इनकार करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है. पीड़िता ने नगर थाना में लिखित आवेदन देकर आरोपित और उसके सहयोगियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई तथा सुरक्षा की मांग की है.
शादी का भरोसा देकर बनाता रहा शारीरिक संबंध, पीड़िता का आरोप
पीड़िता के आवेदन के अनुसार, 12 मार्च 2019 को नगर थाना क्षेत्र के शेखावत बाग निवासी नवाब खां के पुत्र बारिक खां उसके घर पहुंचा और उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया. विरोध करने पर आरोपित ने शादी करने का आश्वासन दिया. पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद वह लगातार विवाह का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा.
शिकायत करने पर रास्ता रोककर मारपीट करने का भी आरोप
पीड़िता ने आवेदन में आरोप लगाया है कि जब वह अपने परिजनों के साथ शिकायत करने जा रही थी, तब आरोपित पक्ष के कुछ लोगों ने रास्ता रोककर उनके साथ मारपीट की और मामले को दबाने का प्रयास किया. इसके बावजूद आरोपित लगातार शादी का आश्वासन देता रहा, लेकिन पिछले दो महीनों से उसने विवाह करने से साफ इनकार कर दिया.
घर पहुंचकर जान से मारने की धमकी देने का आरोप
युवती का आरोप है कि 14 जुलाई की सुबह बारिक खां अपने कुछ साथियों के साथ उसके घर पहुंचा. इस दौरान आरोपित ने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी. घटना के बाद से पीड़िता और उसका परिवार भय के माहौल में रह रहा है.
थाना में आवेदन देकर कार्रवाई और सुरक्षा की मांग
पीड़िता ने नगर थाना में दिए गए आवेदन में आरोपित समेत अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है. फिलहाल पुलिस आवेदन के आधार पर मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी है.
Also Read : गया जी : 28 वर्षीय युवक दोस्तों संग नेपाल घूमने गया, पोखरा के प्रसिद्ध फेवा झील में तैरने के दौरान डूबकर मौत
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










