नवादा में शराब तस्करी का भंडाफोड़, बिहार-झारखंड बॉर्डर पर कार के गुप्त तहखाने से मिली 240 बोतल विदेशी शराब; बोकारो का तस्कर गिरफ्तार
जब्त शराब और कार के साथ गिरफ्तार तस्कर
बिहार-झारखंड सीमा पर उत्पाद विभाग ने एक स्विफ्ट डिजायर कार से 240 विदेशी शराब की बोतलें बरामद कर तस्करी की बड़ी कोशिश को नाकाम कर दिया. कार में बने गुप्त तहखाने से बरामद शराब के साथ बोकारो के एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है.
Bihar-Jharakhand Board : बिहार में शराबबंदी कानून को चुनौती देते हुए शराब की खेप राज्य में लाने की कोशिश को उत्पाद विभाग ने नाकाम कर दी. बिहार-झारखंड सीमावर्ती चितरकोली स्थित समेकित जांच चौकी पर शनिवार की देर रात उत्पाद विभाग की टीम ने एक लाल रंग की स्विफ्ट डिजायर कार से 240 बोतल विदेशी शराब बरामद की. शराब को वाहन के अंदर बनाए गए गुप्त तहखाने में छिपाकर बिहार लाया जा रहा था. कार्रवाई के दौरान बोकारो निवासी एक कथित शराब तस्कर को गिरफ्तार किया गया है.
आपके शहर में
उत्पाद विभाग की यह कार्रवाई शनिवार देर रात करीब 11 बजे गुप्त सूचना के आधार पर की गई. उत्पाद अधीक्षक गणेश चंद्रा ने बताया कि मद्य निषेध कानून के प्रभावी अनुपालन के लिए झारखंड की ओर से बिहार आने वाले सभी वाहनों की लगातार सघन जांच की जा रही है. इसी अभियान के दौरान टीम को शराब की खेप बिहार लाए जाने की सूचना मिली थी.
गुप्त सूचना पर रोकी गई कार
जांच अभियान का नेतृत्व चितरकोली जांच चौकी के प्रभारी इंस्पेक्टर अमृत कुमार गुप्ता कर रहे थे. इसी दौरान सूचना मिली कि लाल रंग की स्विफ्ट डिजायर कार में तहखाना बनाकर शराब की बड़ी खेप बिहार लाई जा रही है.
सूचना के आधार पर उत्पाद विभाग की टीम ने कार संख्या जेएच10यू6006 को रोककर उसकी जांच शुरू की. शुरुआती जांच में शराब दिखाई नहीं दी, जिसके बाद चालक से कड़ाई से पूछताछ की गई. पूछताछ के दौरान तस्करी का खुलासा हुआ.
इसके बाद वाहन की बारीकी से तलाशी ली गई, तो पिछली सीट और डिक्की में बनाए गए गुप्त तहखाने का पता चला. तहखाने को खोलने पर उसमें छिपाकर रखी गई विदेशी शराब की बड़ी खेप बरामद हुई.
98.64 लीटर विदेशी शराब जब्त
उत्पाद विभाग के अनुसार बरामद शराब में 750 एमएल की 48 बोतल, मैकडॉवेल 375 एमएल की 120 बोतल, 180 एमएल की 48 बोतल और ब्लेंडर्स प्राइड 375 एमएल की 24 बोतल शामिल हैं. बरामद शराब की कुल मात्रा 98.64 लीटर बताई गई है. इसकी अनुमानित बाजार कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है.
अधिकारियों के मुताबिक शराब को विशेष तरीके से वाहन के अंदर छिपाया गया था, ताकि जांच के दौरान वह आसानी से पकड़ में न आए. हालांकि सघन जांच और पूछताछ के कारण तस्करी की यह कोशिश सफल नहीं हो सकी.
बोकारो का युवक गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपी की पहचान झारखंड के बोकारो जिले के माराफारी थाना क्षेत्र स्थित झोपड़ी कॉलोनी निवासी बैजनाथ राय के पुत्र रंजन कुमार के रूप में हुई है. उत्पाद विभाग के अनुसार वह शराब की खेप बिहार लाकर इसकी आपूर्ति करने की कोशिश में था.
उत्पाद अधीक्षक गणेश चंद्रा ने बताया कि जब्त शराब और कार के साथ गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. रविवार को मेडिकल जांच के बाद आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में दंडाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत करने के लिए भेजा गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
नेटवर्क से जुड़े लोगों की तलाश जारी
उत्पाद विभाग अब इस तस्करी के पीछे जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने में जुटा है. अधिकारियों का कहना है कि शराब की इतनी बड़ी खेप अकेले बिहार लाना संभव नहीं है, इसलिए पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है. यह भी पता लगाया जा रहा है कि शराब की खेप बिहार में कहां पहुंचाई जानी थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग सक्रिय हैं.
विभाग ने बताया
उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिहार में शराबबंदी कानून के उल्लंघन की किसी भी कोशिश के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा. चितरकोली जांच चौकी पर झारखंड से आने वाले वाहनों की निगरानी और जांच को और सख्त किया गया है.
कार्रवाई के दौरान उत्पाद बल के जवानों के साथ गृहरक्षक जवान भी मौजूद रहे. विभाग की इस कार्रवाई के बाद सीमावर्ती इलाकों से बिहार में शराब की अवैध आपूर्ति करने वालों के बीच भी हड़कंप की स्थिति है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए