नवादा के व्यस्त सब्जी बाजार में किशोरी का शव मिलने से हड़कंप, जांच में जुटी पुलिस
फ़ोटो कैप्शन-सब्जी बाजार पहुच जांच में जुटी पुलिस | Prabhat Khabar Network
नवादा शहर के व्यस्त सब्जी बाजार में हनुमान मंदिर के पास एक किशोरी का शव मिलने से हड़कंप मच गया. पुलिस मामले की जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है. इस घटना से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है.
Nawada News: नवादा शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में शुमार सब्जी बाजार स्थित हनुमान मंदिर के मुख्य गेट पर शनिवार को एक युवती का शव बरामद होने से हड़कंप मच गया. मंदिर के समीप शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिसके बाद स्थानीय निवासियों ने तुरंत नगर थाना पुलिस को सूचित किया.
रोह थाना क्षेत्र की रहने वाली थी मृतका
सूचना मिलते ही नगर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की. पुलिस की शुरुआती जांच में मृतका की पहचान रोह थाना क्षेत्र के विजय टांड़ गांव निवासी बिपिन यादव की 17 वर्षीय पुत्री प्रीति कुमारी के रूप में की गई है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
फिलहाल युवती की मौत किन कारणों और किन परिस्थितियों में हुई है, यह स्पष्ट नहीं हो सका है. पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर मामले की हर कोण से जांच कर रही है. मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए शव को पोस्टमार्टम हेतु सदर अस्पताल नवादा भेज दिया गया है.
बाजार क्षेत्र में दहशत का माहौल
दिनदहाड़े और शहर के इतने व्यस्त बाजार क्षेत्र में युवती का शव मिलने से स्थानीय व्यवसायियों और लोगों में दहशत व तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं. नगर थाना पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए