नवादा में अज्ञात वाहनों की टक्कर से सबसे अधिक मौतें, ट्रैक्टर-ट्रक और तेज रफ्तार भी बने जानलेवा

Updated:
विज्ञापन

यातायात थाना का फाइल थाना

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

जिले में यातायात नियमों का उल्लंघन और तेज रफ्तार के कारण सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं. पिछले एक महीने में 17 लोगों की जान जा चुकी है, जिनमें से कई अज्ञात वाहनों की चपेट में आए. पुलिस मामलों की जांच कर रही है.

विज्ञापन

Road Accidents: जिले में यातायात नियमों की अनदेखी और तेज रफ्तार का कहर लगातार लोगों की जान ले रहा है. यातायात थाना नवादा की मासिक रिपोर्ट ने सड़क सुरक्षा की चिंताजनक तस्वीर सामने रखी है. रिपोर्ट के अनुसार, एक माह के दौरान सड़क हादसों से जुड़े 17 मामले दर्ज किये गये और इन दुर्घटनाओं में 17 लोगों की मौत हुई, जबकि कई लोग घायल हुए. हादसों के बाद पुलिस ने छह वाहनों को जब्त किया है. वहीं कई मामलों में दुर्घटना के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गये, जिनकी तलाश पुलिस कर रही है.

विज्ञापन

यातायात थाना के थानाध्यक्ष एसआई विद्या शंकर कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं के मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है. यातायात डीएसपी अभिषेक कुमार ने कहा कि तेज रफ्तार और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है.

अज्ञात वाहनों ने ली कई जानें

मासिक रिपोर्ट के अनुसार, यातायात थाना कांड संख्या 129/26 में रोह थाना क्षेत्र के मानियोचक गांव के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से 60 वर्षीय शांति देवी की मौत हो गयी. हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया.

कांड संख्या 130/26 में रजौली थाना क्षेत्र में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से सात वर्षीय रिया कुमारी की मौत हो गयी. घटना के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया. कांड संख्या 131/26 में नेमदारगंज थाना क्षेत्र के परमेश्वर बिगहा में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से 55 वर्षीय अर्जुन यादव की मौत हुई.

कांड संख्या 134/26 में शाहपुर थाना क्षेत्र के वाली गांव में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से 13 वर्षीय बिक्की कुमार की मौत हो गयी. कांड संख्या 135/26 में सीतामढ़ी थाना क्षेत्र के तिलैया नदी पुल के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से करीब 50 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गयी. मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है.

कांड संख्या 136/26 में नेमदारगंज थाना क्षेत्र के दुधौली में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से 40 वर्षीय संतोष कुमार की मौत हुई. कांड संख्या 139/26 में रजौली थाना क्षेत्र के दोपटा के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से पांच वर्षीय राखी कुमारी की मौत हो गयी.

कांड संख्या 144/26 में रूपौ थाना क्षेत्र के बुधौली मोड़ के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से 19 वर्षीय बादल मांझी की मौत हुई. कांड संख्या 145/26 में अकबरपुर थाना क्षेत्र के शेखपुरा मोड़ के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से 22 वर्षीय गौरव कुमार की मौत हो गयी, जबकि हादसे में दो लोग घायल भी हुए. इन मामलों में भी चालक वाहन लेकर फरार हो गया.

ट्रक, ट्रैक्टर और पिकअप भी बने जानलेवा

रिपोर्ट में भारी वाहनों और तेज रफ्तार से हुई दुर्घटनाओं की तस्वीर भी सामने आयी है. कांड संख्या 132/26 में नारदीगंज थाना क्षेत्र के चोरमा गांव में अवैध बालू लदे ट्रैक्टर की चपेट में आने से 48 वर्षीय मोती यादव की मौत हुई. पुलिस ने ट्रैक्टर जब्त कर लिया.

कांड संख्या 133/26 में नवादा आइटीआइ के पास तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से 21 वर्षीय अंकिता कुमारी की मौत हो गयी. घटना के बाद पुलिस ने ट्रक जब्त किया. कांड संख्या 137/26 में मुफस्सिल थाना क्षेत्र के शाहपुर नहर के पास बस की चपेट में आने से 28 वर्षीय रौशन कुमार की मौत हुई. बस को मुफस्सिल थाना में जब्त किया गया.

कांड संख्या 138/26 में हिसुआ थाना क्षेत्र के पांचू तालाब-राजगीर रोड पर स्कूल वैन की चपेट में आने से 52 वर्षीय अरविंद कुमार की मौत हो गयी. हादसे के बाद चालक स्कूल वैन लेकर फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है.

कांड संख्या 140/26 में कौआकोल थाना क्षेत्र के दरावां गांव के पास पिकअप वाहन की चपेट में आने से 17 वर्षीय सन्नी कुमार की मौत हो गयी. पिकअप चालक वाहन लेकर फरार हो गया. कांड संख्या 141/26 में रजौली थाना क्षेत्र के गोपालपुर स्कूल के पास ट्रक की चपेट में आने से 17 वर्षीय अनिल कुमार की मौत हुई. पुलिस ने ट्रक को रजौली थाना में जब्त किया.

कांड संख्या 142/26 में कादिरगंज थाना क्षेत्र के डाक बाबा जमुआवा के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आने से 55 वर्षीय गया प्रसाद यादव की मौत हो गयी. पुलिस ने ट्रैक्टर जब्त कर लिया. कांड संख्या 143/26 में नगर थाना क्षेत्र के मेघु बिगहा के पास ट्रैक्टर पलटने से 42 वर्षीय चिंता देवी की मौत हुई. दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को नगर थाना में जब्त किया गया.

हादसों में अज्ञात वाहन सबसे बड़ी चुनौती

मासिक रिपोर्ट के आंकड़े बताते हैं कि जिले में सड़क हादसों को रोकना अब भी बड़ी चुनौती बना हुआ है. खासकर अज्ञात वाहनों की टक्कर और दुर्घटना के बाद चालक के वाहन लेकर फरार होने के मामले चिंता बढ़ाने वाले हैं. ऐसे मामलों में पीड़ित परिवारों को वाहन की पहचान और चालक तक पहुंचने के लिए पुलिस की कार्रवाई पर निर्भर रहना पड़ता है.

यातायात पुलिस का कहना है कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए तेज रफ्तार वाहनों, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों और लापरवाही से वाहन चलाने वालों पर निगरानी बढ़ायी जा रही है. वाहन चालकों से भी यातायात नियमों का पालन करने की अपील की जा रही है.

यातायात डीएसपी ने की सावधानी बरतने की अपील

यातायात डीएसपी अभिषेक कुमार ने वाहन चालकों से अपील की है कि सड़क पर वाहन चलाते समय निर्धारित गति सीमा का पालन करें. तेज रफ्तार में वाहन चलाने से चालक के साथ सड़क पर चलने वाले दूसरे लोगों की जान भी खतरे में पड़ती है. उन्होंने कहा कि तेज रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी.

पुलिस ने बताया, सावधानी ही सबसे बड़ा बचाव

यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने और दोपहिया वाहन पर हेलमेट का प्रयोग करने की अपील की है. चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने की सलाह दी गयी है. रात में और भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है.

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि दुर्घटना होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें और घायल व्यक्ति को समय पर अस्पताल पहुंचाने में मदद करें. सड़क पर थोड़ी सी सावधानी किसी परिवार को उजड़ने से बचा सकती है.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन