नवादा का पम्पू कल चौक बदहाली का शिकार, गड्ढों और कचरे से रोज जूझ रहे लोग
पम्पू कल चौक पर पश्चिम की तरफ जमा कचरा-पूरब की तरफ सड़क पर बने गड्ढे | Prabhat Khabar Network
नवादा जिले का पम्पू कल चौक प्रशासनिक दावों के विपरीत बदहाली का शिकार है. सड़कों पर जानलेवा गड्ढे और कूड़े के अंबार से राहगीर और दुकानदार परेशान हैं. हल्की सी बारिश भी नारकीय स्थिति पैदा कर देती है.
Nawada News: नवादा जिले के शहरी क्षेत्र को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के बड़े-बड़े प्रशासनिक दावों के बीच जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है. शहर का सबसे व्यस्त माना जाने वाला पम्पू कल चौक इन दिनों पूरी तरह बदहाल व्यवस्था की आंसू रो रहा है. इस प्रमुख चौक पर एक ओर जहाँ मुख्य सड़क बड़े-बड़े जानलेवा गड्ढों में तब्दील हो चुकी है, वहीं दूसरी ओर सड़क किनारे कूड़े का अंबार लगा हुआ है. इस वजह से यहाँ से गुजरने वाले राहगीर और स्थानीय दुकानदार बहुत अधिक परेशान हैं.
आपके शहर में
बरसात में बढ़ी मुश्किलें
नवादा के इस व्यस्ततम इलाके में हल्की सी बरसात होते ही नारकीय स्थिति उत्पन्न हो जाती है और आम जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो जाता है. बारिश के कारण सड़क के बड़े-बड़े गड्ढों में जलजमाव हो जाता है और किनारे लगा कचरा बहकर पूरी सड़क पर फैल जाता है. पम्पू कल चौक से प्रतिदिन हजारों की संख्या में स्थानीय लोग गुजरते हैं. जलजमाव के कारण चालकों को पानी से भरे गड्ढों की वास्तविक गहराई का बिल्कुल अंदाजा नहीं लग पाता है जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं.
रोजाना हादसों का डर
नवादा के इस चौक पर पानी से भरे गड्ढों के कारण ई-रिक्शा, बाइक और साइकिल चालक अक्सर अचानक असंतुलित होकर गिर जाते हैं जिससे उन्हें गंभीर चोटें आ रही हैं. स्थानीय लोगों के अनुसार इस संवेदनशील स्थल पर अब तक कई छोटे-बड़े हादसे हो चुके हैं, लेकिन नगर परिषद द्वारा कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया है. लोगों का कहना है कि समाहरणालय से लेकर सदर प्रखंड कार्यालय तक जाने वाली वीआईपी सड़कें हमेशा साफ-सुथरी और बेहतर स्थिति में नजर आती हैं, लेकिन व्यावसायिक चौक उपेक्षित हैं.
स्थायी समाधान की पुरजोर मांग
नवादा के पम्पू कल चौक के दुकानदारों ने बताया कि यहाँ जमा कूड़े का ढेर कई-कई दिनों तक नहीं उठाया जाता है जिसकी बदबू से दुकानों पर ग्राहकों का आना प्रभावित हो रहा है. स्थानीय निवासी राकेश कुमार सहित अन्य नागरिकों ने जिला प्रशासन और नगर परिषद के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी से पम्पू कल चौक की सड़क की तत्काल विशेष मरम्मत कराने की मांग की है. इसके साथ ही उन्होंने नियमित रूप से कचरा उठाव और जलनिकासी की समुचित व्यवस्था कराने की पुरजोर वकालत की है ताकि बड़े हादसों को रोका जा सके.
Also Read: नवादा के छह नए राजकीय डिग्री कॉलेजों में स्नातक नामांकन का रास्ता साफ, छह विषयों से होगी पढ़ाई शुरू
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए