नवादा में करंट की चपेट में आने से युवक की मौत, मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन

Updated:
विज्ञापन

Nawada News: कादिरगंज थाना क्षेत्र के गोयठाडीह गांव में खेत की सिंचाई के लिए बिछाए गए करंट प्रवाहित तार की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई. घटना के विरोध में ग्रामीणों ने सड़क जाम कर मुआवजे और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की.

विज्ञापन

Nawada News: नवादा जिले के कादिरगंज थाना क्षेत्र के गोयठाडीह गांव में खेत की सिंचाई के लिए अपनायी जा रही खतरनाक व्यवस्था ने एक घर का चिराग बुझा दिया. खेत की ओर जा रहे एक युवक की जमीन पर बिछे करेंट प्रवाहित बिजली के तार की चपेट में आने से मौत हो गयी. हादसे के बाद गांव में मातम पसर गया. मृतक की पहचान गोयठाडीह निवासी घुटन राजवंशी के पुत्र गोविंदा कुमार के रूप में हुई है.

आपके शहर में

विज्ञापन

खेत जाने के दौरान हुआ हादसा

ग्रामीणों के अनुसार, मंगलवार की दोपहर गोविंदा कुमार रोज की तरह अपने खेत की ओर जा रहा था. इसी दौरान वह खेत की पटवन के लिए अवैध रूप से जमीन पर बिछाये गये बिजली के तार की चपेट में आ गया. करेंट का झटका इतना तेज था कि उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया.

मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम

हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को रोह–कादिरगंज मुख्य मार्ग पर रखकर सड़क जाम कर दिया. प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों का आरोप है कि खेतों में सिंचाई के नाम पर खुलेआम करेंट प्रवाहित तार बिछाये जाते हैं, जिसकी जानकारी होने के बावजूद प्रशासन कोई ठोस कार्रवाई नहीं करता है. ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई तथा मृतक के आश्रितों को समुचित सरकारी मुआवजा देने की मांग की है.

प्रशासन कर रहा वार्ता

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने और जाम समाप्त कराने का प्रयास किया. समाचार प्रेषण तक सड़क जाम जारी था और प्रशासन ग्रामीणों से वार्ता में जुटा हुआ था. यह हादसा सिंचाई के दौरान बिजली के असुरक्षित उपयोग पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है. यदि खेतों में खुले और करंट प्रवाहित तारों के इस्तेमाल पर समय रहते प्रभावी रोक नहीं लगायी गयी, तो ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति से इनकार नहीं किया जा सकता. ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से इस दिशा में तत्काल ठोस एवं स्थायी कार्रवाई की मांग की है.

Also Read: नवादा में कलयुगी भाई बना कातिल, नाली विवाद में सगे भाई को उतारा मौत के घाट, आरोपी गिरफ्तार

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन