रसकदम मिठाई बनी मुसीबत, पोस्ता दाना के कारण अबूधाबी एयरपोर्ट पर नवादा का युवक धराया

Updated:
विज्ञापन
पटना एयरपोर्ट पर ली गई सतीश कुमार का फाइल फोटो  | Prabhat Khabar Network

पटना एयरपोर्ट पर ली गई सतीश कुमार का फाइल फोटो | Prabhat Khabar Network

नवादा के एक युवक को रसकदम मिठाई ले जाना महंगा पड़ गया. मिठाई पर लगे पोस्ता दाना के कारण उसे अबूधाबी एयरपोर्ट पर हिरासत में ले लिया गया. परिजनों ने भारतीय दूतावास से मदद की गुहार लगाई है.

विज्ञापन

Nawada News : नवादा जिले के पकरीबरावां प्रखंड के धमौल थाना क्षेत्र के तुर्कबन गांव निवासी एक युवक को रसकदम मिठाई साथ ले जाना महंगा पड़ गया. मिठाई पर लगे पोस्ता दाना (खसखस) के कारण उसे अबूधाबी एयरपोर्ट पर हिरासत में लिए जाने की सूचना है. घटना के बाद परिजनों में चिंता का माहौल है और वे युवक की सुरक्षित रिहाई के लिए भारतीय दूतावास एवं संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर रहे हैं.

मिठाई में लगे पोस्ता दाना पर हुई आपत्ति

जानकारी के अनुसार तुर्कबन गांव निवासी सुधीर पासवान के पुत्र सतीश कुमार 22 जुलाई को पटना से अहमदाबाद होते हुए अबूधाबी के लिए रवाना हुए थे. विदेश में रहने वाले परिचितों के लिए वह धमौल बाजार से खरीदी गई रसकदम मिठाई साथ ले गए थे. मिठाई पर स्वाद और सजावट के लिए पोस्ता दाना लगा हुआ था. परिजनों के अनुसार अबूधाबी एयरपोर्ट पर सुरक्षा जांच के दौरान अधिकारियों ने पोस्ता दाना देखकर उन्हें पूछताछ के लिए रोक लिया और बाद में हिरासत में ले लिया.

भारतीय दूतावास से मदद की गुहार

परिजनों ने बताया कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में पोस्ता दाना से जुड़े नियम काफी सख्त हैं. भारत में इसका सामान्य रूप से खाद्य पदार्थों में उपयोग होता है, इसलिए बिना किसी संदेह के मिठाई साथ रख ली गई. घटना के बाद परिवार भारतीय दूतावास और संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर कानूनी सहायता दिलाने का प्रयास कर रहा है.

विदेश यात्रा से पहले नियम जानना जरूरी

फूड इंस्पेक्टर अजय कुमार ने बताया कि भारत में पोस्ता दाना प्रतिबंधित पदार्थ नहीं है और इसका उपयोग मिठाइयों व अन्य खाद्य पदार्थों में सामान्य रूप से किया जाता है. उन्होंने कहा कि प्रत्येक देश के खाद्य एवं आयात संबंधी नियम अलग-अलग होते हैं. इसलिए विदेश यात्रा पर जाने से पहले संबंधित देश के कस्टम और प्रतिबंधित वस्तुओं के नियमों की जानकारी अवश्य लेनी चाहिए.

विशेषज्ञों ने भी यात्रियों को सलाह दी है कि विदेश यात्रा के दौरान अपने सामान में रखी खाद्य सामग्री की पहले से जांच कर लें, ताकि अनजाने में किसी कानूनी परेशानी का सामना न करना पड़े.


विज्ञापन
Vishwanath Kumar

लेखक के बारे में

By Vishwanath Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन