नवादा में युवक की एक आंख फोड़ी, शराब की सूचना देने के शक में मारपीट; दो आरोपित गिरफ्तार
फ़ाइल तस्वीर
Nawada Crime News: नवादा के पकरीबरावां थाना क्षेत्र के रोहुआ गांव में युवक की बेरहमी से पिटाई कर एक आंख फोड़ दी गई. पीड़ित की पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है. घायल का पटना में इलाज चल रहा है.
Nawada Crime News: (विश्वनाथ कुमार) पकरीबरावां थाना क्षेत्र के रोहुआ गांव में एक युवक के साथ बेरहमी से मारपीट कर उसकी एक आंख फोड़ देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. गंभीर रूप से घायल युवक को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पकरीबरावां में भर्ती कराया गया. प्राथमिक उपचार के बाद उसे विम्स पावापुरी रेफर किया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए पटना भेज दिया.
आपके शहर में
शादी समारोह के लिए मजदूर बुलाने गया था युवक
जानकारी के अनुसार, रोहुआ गांव निवासी प्रदीप हलवाई का पुत्र सूरज कुमार हलवाई शादी-विवाह एवं अन्य समारोहों में खाना बनाने का कार्य करता है. शनिवार को वह अपने काम के लिए मजदूर बुलाने महादलित टोला गया था. इसी दौरान विवाद हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया. आरोप है कि दो लोगों ने लाठी-डंडे और मुक्कों से उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी एक आंख गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गई.
पत्नी ने दर्ज कराई प्राथमिकी
घायल की पत्नी पूजा कुमारी ने पकरीबरावां थाना में दर्ज प्राथमिकी में आरोप लगाया है कि हमलावरों ने उसके पति पर गांव में अवैध शराब बेचने की सूचना पुलिस को देने का आरोप लगाते हुए हमला किया और उसकी एक आंख फोड़ दी.
तमाशबीन बने रहे लोग
स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना के समय आसपास कई लोग मौजूद थे, लेकिन किसी ने भी बीच-बचाव नहीं किया. आरोपित लगातार युवक की पिटाई करते रहे. घटना के बाद परिजनों ने घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया.
दोनों नामजद आरोपित गिरफ्तार
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी दर्ज कर दोनों नामजद आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया.
एसडीपीओ सुजय विद्यार्थी ने बताया कि पीड़ित की पत्नी के आवेदन पर मामला दर्ज कर तत्काल कार्रवाई की गई है.
थानाध्यक्ष रंजन चौधरी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों की पहचान बासुदेव मांझी उर्फ भगत और राकेश मांझी उर्फ राजेश मांझी, दोनों पिता राजो मांझी, निवासी रोहुआ गांव के रूप में हुई है. दोनों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है. पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है.
इसे भी पढ़ें:नवादा में नाबालिग से कथित सामूहिक दुष्कर्म, एफएसएल जांच शुरू, दो आरोपित हिरासत में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए