नवादा में गणपति उत्सव की धूम: नारदीगंज से काशीचक तक पूजा पंडालों में उमड़ी भीड़, महायज्ञ-झांकी समेत जानिए क्या-क्या है खास

Updated:
विज्ञापन
WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

Ganesh Chaturthi in Nawada : नवादा जिले में गणेश चतुर्थी का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है. नारदीगंज, नवादा शहर और अकबरपुर जैसे क्षेत्रों में भव्य पूजा पंडालों, महायज्ञों, भागवत कथाओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें स्थानीय लोग उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं.

विज्ञापन

Ganesh Chaturthi in Nawada : नवादा में गणेश चतुर्थी को लेकर जिलेभर में भक्तिमय माहौल बना हुआ है. शहर से लेकर प्रखंडों और गांवों तक भगवान गणेश की पूजा-अर्चना के साथ धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. कहीं महायज्ञ और भागवत कथा चल रही है, तो कहीं पूजा पंडालों में भजन-कीर्तन और मेले का आयोजन किया गया है. गणपति बप्पा मोरया के जयघोष से कई पूजा स्थल गूंज रहे हैं और श्रद्धालु उत्साह के साथ गणेशोत्सव में शामिल हो रहे हैं.

विज्ञापन

नारदीगंज

नारदीगंज के ओड़ो स्थित ब्राह्मण टोला में विघ्न विनायक गणेश पूजनोत्सव की 50वीं वर्षगांठ यानी स्वर्ण जयंती समारोह के अवसर पर आयोजित सात दिवसीय श्री गणपति महायज्ञ के तीसरे दिन मंगलवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. श्री गणेश युवा सेवा संस्थान सह श्री गणेश कला परिषद, ओड़ो के तत्वावधान में आयोजित महायज्ञ में वाराणसी से पहुंचे यज्ञाचार्य अमृत पांडेय और उनके सात सहयोगी विद्वान ब्राह्मणों ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच अन्नाधिवास का अनुष्ठान कराया. मुख्य यजमान अमरेश मिश्र पप्पू एवं आरती कुमारी, धनंजय कुमार एवं पूनम देवी, गिरीन्द्र मिश्र एवं सुमन मिश्रा, जैनेन्द्र मिश्र एवं पूनम देवी तथा राजीव रंजन पांडेय एवं अंशु देवी ने विधि-विधान से पूजा में भाग लिया.

पूजन में शामिल श्रद्धालु | Prabhat Khabar Network
पूजन में शामिल श्रद्धालु

भागवत कथा में भगवान कृष्ण की बाल लीलाओं का वर्णन

ओड़ो, बिक्कू, जगदीशपुर, बस्ती बिगहा, महादेव बिगहा और कोसला सहित आसपास के दर्जनों गांवों से श्रद्धालु यज्ञस्थल पर पहुंचे. लोगों ने यज्ञवेदी की परिक्रमा कर महाप्रसाद ग्रहण किया और गणपति बप्पा मोरया तथा गणेश बाबा की जय के जयघोष लगाए. महायज्ञ के अवसर पर मध्य प्रदेश से पहुंचीं कथावाचिका पूजा गोस्वामी ने संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा सुनाई. उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का वर्णन कर श्रोताओं को भाव-विभोर कर दिया. स्वर्ण जयंती समारोह को सफल बनाने में संस्थान के सदस्य जुटे हुए हैं.

मॉडर्न इंगलिश स्कूल

गणेश चतुर्थी के अवसर पर मॉडर्न इंगलिश स्कूल में विशेष संस्कृत एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्रीगणेश की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन और विधिवत पूजा-अर्चना से हुई. इसके बाद विद्यार्थियों ने वैदिक मंत्रों के साथ गणेश वंदना प्रस्तुत की. संस्कृत श्लोक और मंत्रोच्चारण से विद्यालय परिसर भक्तिमय हो उठा.

Image

विद्यार्थियों ने संस्कृत श्लोक और सांस्कृतिक प्रस्तुति दी

श्रृष्टि, राधिका, समृद्धि, मुस्कान, गुंजन, प्रिया, सुप्रिया, अंजलि और सना ने संस्कृत श्लोक, गणेश वंदना एवं सांस्कृतिक प्रस्तुति दी. वहीं अमर, आदर्श, लक्ष्य, आदित्य, प्रियांशु, किस्मत, उदय, रुद्रांश, अमन, उज्ज्वल और मानव ने संस्कृत संवाद, श्लोक पाठ एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में हिस्सा लिया. विद्यार्थियों ने वक्रतुण्ड महाकाय सहित विभिन्न संस्कृत श्लोकों और गणेश स्तोत्र का सस्वर पाठ किया.

निदेशक डॉ. अनुज कुमार सिंह ने कहा कि भगवान श्रीगणेश ज्ञान, बुद्धि और विवेक के प्रतीक हैं और संस्कृत भारत की ज्ञान, संस्कृति एवं सभ्यता की महत्वपूर्ण धरोहर है. कार्यक्रम के अंत में गणेश आरती और प्रसाद वितरण किया गया. संस्कृत शिक्षक ममता मंडल, शैलेंद्र पांडेय सहित सभी शिक्षकों की भूमिका रही.

अकबरपुर

अकबरपुर प्रखंड के माखर गांव में श्री गणेश पूजा समिति की ओर से गणेशोत्सव के अवसर पर धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. सोमवार को पूरे विधि-विधान के साथ भगवान गणेश की भव्य प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना की गई. गणेशोत्सव को लेकर आयोजकों और ग्रामीणों में खासा उत्साह है. गांव में धार्मिक आयोजन के कारण उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है.

माखर में स्थापित प्रतिमा | Prabhat Khabar Network
माखर में स्थापित प्रतिमा

17 सितंबर तक संगीतमय कथा और झांकी

माखर में मंगलवार से 17 सितंबर तक संगीतमय कथा और झांकी का आयोजन किया जा रहा है. वृंदावन की प्रसिद्ध मानस बाल विदुषी शिखा तिवारी संगीतमय कथा प्रस्तुत करेंगी. स्थानीय लोगों के अनुसार माखर में पिछले कई वर्षों से गणेशोत्सव के दौरान इस तरह के धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं. इसमें माखर के अलावा आसपास के गांवों से भी श्रद्धालु पहुंचते हैं. श्री गणेश पूजा समिति ने श्रद्धालुओं से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है.

काशीचक

गणेश चतुर्थी के अवसर पर काशीचक में श्री गणेश पूजा समिति के बैनर तले गणेश पूजन के साथ भव्य मेले का शुभारंभ हुआ. नवनिर्मित पूजा पंडाल में विद्वान पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच भगवान गणेश की प्रतिमा की स्थापना और प्राण-प्रतिष्ठा कराई. पूजा के दौरान भजन-कीर्तन और गणपति बप्पा मोरया के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंजता रहा. श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से भगवान गणेश की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की.

प्रतिमा दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालु | Prabhat Khabar Network
प्रतिमा दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालु

झूले-मिठाइयों का लिया आनंद, पुलिस ने किया फ्लैग मार्च

मेला समिति के अध्यक्ष अरुण सिंह, धर्मराज कुमार, शिवम, गुलशन, प्रिंस, अमन, प्रहलाद, रणधीर कुमार और पप्लुश कुमार सहित अन्य ने बताया कि गणेश पूजन के साथ विशाल मेले का भी आयोजन किया गया है. मेले में भक्ति जागरण, आकर्षक झांकी और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. श्रद्धालुओं ने आकाश झूला, जलेबी और मिठाइयों का आनंद लिया, जबकि बच्चों ने खिलौनों की खरीदारी की. मेले को देखते हुए थानाध्यक्ष गौतम कुमार और कुणाल कुमार ने पुलिस बल के साथ बाजार में फ्लैग मार्च किया. मेला क्षेत्र में सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन