नवादा: ईंट उतारते समय दीवार में फंसा ट्रैक्टर, चालक के ऊपर गिरी दीवार, गयी जान
काल्पनिक फोटो | Prabhat Khabar Network
नवादा के ढोंढा गांव में एक दुखद घटना हुई, जहाँ भवन निर्माण के लिए ईंट उतारते समय एक ट्रैक्टर पर दीवार गिर गई. इस हादसे में चालक की तत्काल मृत्यु हो गई.
नवादा. प्रतिनिधि पकरीबरावां प्रखंड के ढोंढा गांव स्थित महंत गणेशदत्त पुरी-2 इंटर विद्यालय में भवन निर्माण के लिए ईंट पहुंचाने के दौरान मंगलवार को दर्दनाक हादसा हो गया. ईंट उतारने के क्रम में ट्रैक्टर दीवार में फंस गया. इसी दौरान पूरी दीवार अचानक भरभराकर ट्रैक्टर चालक के ऊपर जा गिरी. दीवार के मलबे में दबने से चालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. मृतक की पहचान पकरीबरावां प्रखंड के रामपुर गांव निवासी स्व. लखन मांझी के 35 वर्षीय पुत्र अरुण मांझी के रूप में हुई है.
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गयी. घटना से विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गयी. ग्रामीणों ने मलबा हटाकर चालक को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी.
ईंट उतारने के दौरान हुआ हादसा
बताया जाता है कि विद्यालय परिसर में भवन निर्माण का कार्य चल रहा है. इसी कार्य के लिए ट्रैक्टर से ईंट लायी गयी थी. ईंट उतारने के दौरान ट्रैक्टर दीवार में फंस गया. इसके बाद अचानक दीवार ट्रैक्टर चालक अरुण मांझी के ऊपर गिर गयी. हादसा इतना गंभीर था कि अरुण को संभलने का मौका तक नहीं मिला और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गयी.
हादसे के बाद ट्रैक्टर लेकर फरार हुआ चालक
घटना के बाद ट्रैक्टर मौके से फरार हो गया. घटना की सूचना मिलने पर धमौल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नवादा भेज दिया.
धमौल थानाध्यक्ष हिमांशु कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे में अरुण मांझी की मौत हुई है. शव को पोस्टमार्टम के लिए नवादा भेज दिया गया है. घटना के बाद ट्रैक्टर मौके से फरार हो गया है. फरार ट्रैक्टर की खोजबीन की जा रही है.
पुलिस के अनुसार, उक्त ट्रैक्टर पकरीबरावां प्रखंड के दत्तरौल पंचायत निवासी मुकेश साव का है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार ट्रैक्टर का पता लगाने में जुटी है.
अरुण की मौत से घर में पसरा मातम
अरुण मांझी की मौत की खबर मिलते ही रामपुर गांव स्थित उसके घर में मातम पसर गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना के बाद गांव में भी शोक का माहौल है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए