नवादा में 25 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके वालों ने लगाया दहेज हत्या का आरोप

सांकेतिक तस्वीर
Nawada Married Woman Death: नवादा के नारदीगंज थाना क्षेत्र में 25 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
Nawada Married Woman Death: नारदीगंज थाना क्षेत्र के हंड़िया पंचायत अंतर्गत दलेलपुर टोला नंदग्राम में 25 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. मृतका की पहचान गांव निवासी विपिन यादव की पत्नी रुणि देवी के रूप में हुई है. घटना गुरुवार देर शाम की बताई जा रही है.
घटना के बाद गांव में मचा हड़कंप
घटना की सूचना मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए. सूचना मिलने पर नारदीगंज थाना के सब-इंस्पेक्टर अभिषेक कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी.
मायके पक्ष ने लगाया दहेज हत्या का आरोप
घटना की जानकारी मिलने पर मृतका के मायके वाले भी मौके पर पहुंचे. मृतका के फुफेरे भाई मुकेश कुमार, निवासी फलडू (नालंदा), ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या करने का आरोप लगाया है.
उन्होंने बताया कि सूचना मिलने के बाद जब वे घटनास्थल पर पहुंचे तो आंगन में शव पड़ा हुआ था. उनका आरोप है कि शादी के बाद से ही रुणि देवी को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था.
आठ महीने पहले समझौते के बाद लौटी थी ससुराल
मायके पक्ष के अनुसार, प्रताड़ना से परेशान होकर रुणि देवी अपने मायके, बिहारशरीफ (नालंदा) में रह रही थी. करीब आठ महीने पहले दोनों पक्षों के बीच समझौता होने के बाद उसे दोबारा ससुराल भेजा गया था. परिजनों का आरोप है कि इसके बाद साजिश के तहत उसकी हत्या कर दी गई.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा मौत के कारण का खुलासा
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है. मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा.
Also Read: नवादा में लंबित योजनाओं पर डीएम सख्त, मुआवजा भुगतान और निर्माण कार्य में तेजी के निर्देश
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










