नवादा: गांजा पीने के बहाने बुलाकर गला दबाकर 17 वर्षीय किशोर की हत्या, दो नाबालिग हिरासत में

Updated:
विज्ञापन
मृतक बालक | Prabhat Khabar Network

मृतक बालक

खनवां गांव में 17 वर्षीय गोलू कुमार की निर्मम हत्या ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। गांजा पीने के बहाने स्कूल परिसर ले जाकर गला घोंटकर की गई इस वारदात में पुलिस ने दो नाबालिगों को हिरासत में लिया है।

विज्ञापन

Narhat Minor Boy Killed : नरहट थाना क्षेत्र के खनवां गांव में 17 वर्षीय किशोर गोलू कुमार की हत्या ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. रविवार को गांव स्थित नवसृजित प्राथमिक विद्यालय मदनपुर के परिसर से किशोर का शव बरामद होने के बाद गांव में मातम और आक्रोश का माहौल देखा गया है. मृतक की पहचान खनवां निवासी विनोद कुमार के पुत्र गोलू कुमार के रूप में हुई है.

हत्या गले में गमछा लिपटा होने और जीभ बाहर निकली होने के कारण किए जाने की आशंका जताई जा रही है. मृतक के पिता के आवेदन पर नरहट थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है. दर्ज प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि गांव के दो नाबालिग मृतक युवक गोलू कुमार को गांजा पीने के बहाने अपने साथ ले गए और उसकी हत्या कर दी. पुलिस ने दोनों नाबालिगों को संदेह के आधार पर हिरासत में लेकर गहन पूछताछ शुरू कर दी है.

सुबह साथ देखे गए

दोपहर में स्कूल परिसर से मिला शवपिता के अनुसार रविवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे गोलू कुमार और दोनों नाबालिगों को गांव से लगभग 200 मीटर दूर स्थित नवसृजित प्राथमिक विद्यालय मदनपुर के समीप देखा गया था. वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि तीनों वहां बैठकर बातचीत करते हुए गांजा पी रहे थे. इसके बाद सभी वहां से चले गए और कुछ घंटों बाद गोलू का शव स्कूल के बरामदे से बरामद हुआ. रविवार होने के कारण वह विद्यालय बंद था.

दोपहर करीब ढाई बजे एक ग्रामीण की नजर बरामदे में पड़े युवक पर पड़ी. पहले उसे लगा कि कोई सो रहा है, लेकिन पास जाकर देखने पर उसकी पहचान मृतक गोलू कुमार के रूप में हुई. गले में गमछा लिपटा था और उसकी मौत हो चुकी थी. इसके बाद उसने गांव के लोगों को बताया और गांव में अफरा-तफरी मच गई और सूचना मिलते ही नरहट थाना पुलिस मौके पर पहुंच गयी.

हत्या के बाद युवक पहुंचा मृतक के घर

जांच में यह बात भी सामने आई है कि घटना के बाद हिरासत में लिए गए दोनों नाबालिगों में से एक ने स्वयं मृतक के घर पहुंचा और उसके पिता से कहा कि आपका बेटा स्कूल में गिरा पड़ा है. सूचना मिलने पर परिजन और ग्रामीण स्कूल पहुंचे, जहां गोलू का शव मिला. पुलिस इस पूरे घटनाक्रम को जांच का महत्वपूर्ण बिंदु मानकर इसकी गहराई से पड़ताल कर रही है.

बार-बार बदल रहे हैं बयान

नरहट थानाध्यक्ष गौतम कुमार ने बताया कि पूछताछ के दौरान दोनों नाबालिग लगातार अपने बयान बदल रहे हैं. दोनों सही जानकारी नहीं दे रहे हैं और उनके बयानों में कई विरोधाभास सामने आए हैं. इसी कारण पुलिस का संदेह दोनों पर और गहरा गया है. उनके बयानों का घटनास्थल से मिले वैज्ञानिक साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी तथ्यों से मिलान किया जा रहा है.

फॉरेंसिक और पुलिस टीम ने जुटाए अहम साक्ष्य

घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम और पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और कई वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल नवादा भेज दिया. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर हत्या के तरीके और समय का स्पष्ट खुलासा होने की उम्मीद है.

अपराध की राह पर भटकने की आशंका

पुराने मामलों की भी हो रही जांचपुलिस सूत्रों के अनुसार, हिरासत में लिए गए दोनों नाबालिगों की गतिविधियों की भी जांच की जा रही है. जांच के दौरान यह पता लगाया कि दोनों युवक पहले भी कुछ इसी तरह आपराधिक या विवादित घटनाओं में संलिप्त रह चुके हैं. पुलिस उन पुराने मामले में उनकी संलिप्तता की पुष्टि हो गई है.

भैया जी गिरोह का नाम फिर चर्चा में

स्थानीय स्तर पर और सूत्रों ने बताया कि दोनों नाबालिगों का संबंध कथित भैया जी गिरोह से रहा है. वर्ष 2025 में वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के फतहा गांव के 14 वर्षीय किशोर सूरज कुमार उर्फ सुंदरम के अपहरण और फिरौती मांगने के मामले में भी इस गिरोह का नाम सामने आया था. उसी मामले में कुछ दिन पहले दोनों सुधारगृह से वापस आए थे . उस समय भी माननीय न्यायालय ने दोनों नावालिग़ को इसी आधार मुक्त किया था. पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि वर्तमान हत्याकांड में इन दोनों की भूमिका है या नहीं.

गांव में मातम, जल्द खुलासे का दावा

घटना के बाद पूरे खनवां गांव में शोक का माहौल है. गोलू कुमार तीन भाइयों में सबसे छोटा था. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और ग्रामीण दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान और एसडीपीओ गुलशन कुमार स्तर पर मामले की निगरानी की जा रही है. एसडीपीओ का कहना है कि सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच चल रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा.


विज्ञापन
Vishal Kumar

लेखक के बारे में

By Vishal Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन