नवादा: बहन की हत्या मामले में डीआईजी से मिलने जा रहे भाई की हत्या का खुलासा, चातर हॉल्ट के पास हुई थी वारदात; नामजद रौशन यादव गिरफ्तार
सांकेतिक तस्वीर। AI Generated
नवादा के नरहट थाना क्षेत्र में 22 अगस्त को हुई नन्दु कुमार की सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने खुलासा किया है. मुख्य नामजद अभियुक्त रौशन कुमार उर्फ रौशन यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है. नन्दु अपनी बहन की दहेज हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर डीआईजी से मिलने जा रहे थे, तभी उनकी निर्मम हत्या कर दी गई थी.
Nawada News: जिले के नरहट थाना क्षेत्र अंतर्गत चातर हॉल्ट के समीप 22 अगस्त को हुई नन्दु कुमार की सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने त्वरित अनुसंधान करते हुए मामले के मुख्य नामजद अभियुक्त रौशन कुमार उर्फ रौशन यादव (निवासी, नेमदारगंज थाना क्षेत्र) को गिरफ्तार कर लिया है. मृतक नन्दु कुमार अपनी बहन बिनीता कुमारी की दहेज हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पुलिस उपमहानिरीक्षक (DIG) गया क्षेत्र से मिलने जा रहे थे, तभी रास्ते में घेरकर उनकी निर्मम हत्या कर दी गई थी.
आपके शहर में
पत्नी के बयान पर दर्ज हुई थी नामजद प्राथमिकी
घटना के संबंध में मृतक नन्दु कुमार की पत्नी बिन्दु देवी ने नरहट थाने में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई थी. प्राथमिकी के अनुसार, 22 अगस्त की सुबह करीब 6 से 7 बजे के बीच उनके पति अपनी ननद की हत्या के केस में निष्पक्ष जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी की गुहार लगाने गयाजी स्थित डीआईजी कार्यालय जा रहे थे. जैसे ही वह नरहट थाना क्षेत्र के चातर हॉल्ट के आगे पहुंचे, पूर्व से घात लगाए बैठे आरोपियों ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया.
घेरकर की थी बेरहमी से मारपीट, इलाज के दौरान तोड़ा दम
पत्नी का आरोप है कि आरोपियों ने नन्दु कुमार को रास्ते में रोककर लाठी-डंडे और धारदार हथियारों से बेरहमी से पीटा, जिससे वह लहूलुहान होकर गंभीर रूप से घायल हो गए. इसके बाद गंभीर स्थिति में उनकी हत्या कर शव को चातर हॉल्ट के पास फेंक दिया गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया था और आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष टीम गठित की थी.
मुख्य अभियुक्त न्यायिक हिरासत में, अन्य की तलाश जारी
नरहट थाना पुलिस ने वैज्ञानिक व तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए प्राथमिक अभियुक्त रौशन कुमार उर्फ रौशन यादव को दबोच लिया. पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया व पूछताछ के उपरांत उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस जघन्य हत्याकांड में संलिप्त अन्य नामजद व अज्ञात आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है.
Also Read: नवादा: रक्षाबंधन पर ननिहाल आई बालिका की सर्पदंश से दर्दनाक मौत, चौकी से उतरते समय सांप ने डंसा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए