डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की जयंती और पुण्यतिथि राजकीय स्तर पर मनाने की मांग, विधानसभा में उठा मुद्दा
विधान सभा मांग को रखती विधायक | Prabhat Khabar Network
नवादा की विधायक बिनीता मेहता ने बिहार विधानसभा में बिहार के प्रथम मुख्यमंत्री डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की जयंती और पुण्यतिथि को राजकीय स्तर पर मनाए जाने की मांग उठाई है. खनवा गांव स्थित जन्मस्थली पर भी सरकारी समारोह आयोजित करने का प्रस्ताव है.
Nawada News : नवादा जिले के गोविंदपुर विधानसभा क्षेत्र की विधायक बिनीता मेहता ने बिहार विधानसभा में आधुनिक बिहार के निर्माता, बिहार केसरी एवं राज्य के प्रथम मुख्यमंत्री डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की जयंती और पुण्यतिथि को राजकीय स्तर पर मनाए जाने की मांग उठाई. उन्होंने कहा कि नवादा जिले के खनवा गांव स्थित उनकी जन्मस्थली पर भी सरकार की ओर से प्रत्येक वर्ष आधिकारिक राजकीय समारोह आयोजित किया जाना चाहिए.
योगदान के अनुरूप सम्मान देने की मांग
विधायक बिनीता मेहता ने सदन में कहा कि डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की जयंती (21 अक्टूबर) और पुण्यतिथि (31 जनवरी) पर अब तक सरकार की ओर से कोई राजकीय समारोह आयोजित नहीं किया जाता, जबकि बिहार के विकास और निर्माण में उनका योगदान ऐतिहासिक रहा है. उन्होंने सरकार से उनके योगदान के अनुरूप सम्मान देने की अपील की.
नई पीढ़ी को इतिहास से जोड़ने पर दिया जोर
उन्होंने कहा कि महापुरुषों का सम्मान केवल परंपरा निभाना नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को उनके आदर्शों और इतिहास से जोड़ने का माध्यम भी है. डॉ. श्रीकृष्ण सिंह के व्यक्तित्व और कृतित्व को जन-जन तक पहुंचाना सरकार और समाज की साझा जिम्मेदारी है.
स्थानीय लोगों में खुशी
विधानसभा में यह मांग उठाए जाने के बाद नवादा जिले के लोगों और डॉ. श्रीकृष्ण सिंह के समर्थकों ने खुशी जताई. स्थानीय लोगों ने इसे ऐतिहासिक पहल बताते हुए उम्मीद व्यक्त की कि सरकार इस मांग पर सकारात्मक निर्णय लेकर उनकी जयंती और पुण्यतिथि को राजकीय स्तर पर मनाने की परंपरा शुरू करेगी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए