नवादा में भाइयों की एक साथ मौत,कोडरमा घाटी में ट्रक की टक्कर से हुआ हादसा

नवादा जिले में कोडरमा घाटी में एक भीषण सड़क दुर्घटना में दो चचेरे भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई. ट्रक चालक साधू यादव और उपचालक अमरजीत की मौके पर ही मौत हो गई. परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.
Koderma Valley Road Accident : नवादा जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के पथरा इंग्लिश गांव में रविवार की रात एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया. कोडरमा घाटी में हुए इस खौफनाक दुर्घटना में ट्रक चालक और उसका उपचालक, जो आपस में चचेरे भाई थे, दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. सोमवार को जैसे ही दोनों के शव गांव पहुंचे, हर तरफ चीख-पुकार मच गई और पूरा इलाका शोक में डूब गया.
मृतकों की पहचान 44 वर्षीय साधू यादव और उनके 22 वर्षीय चचेरे भाई अमरजीत उर्फ छोटू यादव के रूप में हुई है. दोनों रोजी-रोटी के सिलसिले में ट्रक चलाने का काम करते थे और घटना के समय झारखंड से रजौली की ओर माल लेकर लौट रहे थे.
Nawada News : कोडरमा घाटी में अनियंत्रित हुआ ट्रक
जानकारी के अनुसार, कोडरमा घाटी के खतरनाक मोड़ों से गुजरते समय अचानक ट्रक का संतुलन बिगड़ गया. तेज रफ्तार में चल रहा ट्रक पहले सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. इसके बाद ट्रक विपरीत दिशा से आ रहे दूसरे ट्रक से भी भिड़ गया, जिससे हादसा और भी भयावह हो गया.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चालक और उपचालक को संभलने का कोई मौका नहीं मिला और दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी.
शव गांव पहुंचते ही मचा कोहराम
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक प्रक्रिया शुरू की गई. नवादा सदर विधायक विभा देवी और विधान परिषद सदस्य अशोक कुमार ने अपने प्रतिनिधियों को मौके पर भेजा. कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए गए.
सोमवार की शाम करीब चार बजे जब दोनों पार्थिव शरीर गांव पहुंचे, तो माहौल गमगीन हो गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था. गांव के हर घर में शोक की लहर दौड़ गई. महिलाएं बिलख रही थीं और पुरुषों की आंखें भी नम थीं.
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक साधू यादव अपने पीछे तीन बेटियां और एक बेटे को छोड़ गए हैं. वहीं अमरजीत उर्फ छोटू यादव की आठ महीने की एक मासूम बेटी है, जो अब अपने पिता के साये से हमेशा के लिए वंचित हो गई. एक ही परिवार के दो कमाने वाले सदस्यों की एक साथ मौत ने परिवार को पूरी तरह तोड़ कर रख दिया है.
जनप्रतिनिधियों ने जताई संवेदना
घटना के बाद विधायक विभा देवी और एमएलसी अशोक कुमार ने गहरा शोक व्यक्त किया है. उन्होंने पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता देने का भरोसा दिलाया है. गांव के लोग भी इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ खड़े नजर आए.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










