रजौली में सड़क पार कर रहे युवक को बाइक ने मारी टक्कर, तीन घायल, दो नवादा रेफर
अस्पताल में इलाजरत घायल के साथ चिकित्सक व ग्रामीण
रजौली के हरदिया सेक्टर-बी के पास एक सड़क दुर्घटना में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. बाइक सवार दो युवकों को बेहतर इलाज के लिए नवादा रेफर किया गया है. घटना की वजह स्ट्रीट लाइट की कमी बताई जा रही है.
रजौली थाना क्षेत्र के हरदिया सेक्टर-बी के समीप गुरुवार की रात सड़क दुर्घटना में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया. अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. सुजीत कुमार ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया.
तीन लोगों की हुई पहचान
चिकित्सक के अनुसार, घायलों की पहचान गढ़ दिबौर गांव निवासी छोटेलाल विश्वकर्मा के पुत्र अंकित विश्वकर्मा और रोहित विश्वकर्मा तथा जाजपुर गांव निवासी स्व. उपेंद्र प्रसाद के पुत्र अंकित रिक्शायन के रूप में हुई है. तीनों का प्राथमिक इलाज कर जरूरी सुई और मलहम-पट्टी की गयी.
दो युवकों की हालत गंभीर
इलाज के बाद रोहित विश्वकर्मा और अंकित विश्वकर्मा को गंभीर हालत में नवादा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया. अस्पताल में मौजूद परिजनों ने बताया कि रोहित और अंकित विश्वकर्मा रजौली से काम करके बाइक से अपने घर लौट रहे थे.
सड़क पार कर रहे युवक से टकराई बाइक
परिजनों के अनुसार, एनएच-20 पर हरदिया सेक्टर-बी के समीप सड़क पार कर रहे अंकित रिक्शायन से बाइक टकरा गयी. हादसे में बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें नवादा सदर अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन परिजन दोनों घायलों को निजी वाहन से इलाज के लिए झारखंड के कोडरमा लेकर चले गए.

पैदल सड़क पार कर रहे युवक का इलाज जारी
वहीं, हादसे में घायल सड़क पार कर रहे अंकित रिक्शायन का इलाज रजौली अनुमंडलीय अस्पताल में चल रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि सघन इलाकों में एनएच पर स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था नहीं रहने के कारण अंधेरे में सड़क पार करने के दौरान दुर्घटना की स्थिति बनी.
आवेदन मिलने पर होगी कार्रवाई
इस संबंध में रजौली थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर रणजीत कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना की सूचना मिली है. लिखित आवेदन मिलने पर अग्रतर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जायेगी.

आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए