हरियाली महोत्सव में महिलाओं ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, रक्षा सूत्र बांध एकजुटता का लिया संकल्प
कार्यक्रम में शामिल महिलाएं | Prabhat Khabar Network
Nawada News : हिसुआ के बरनवाल सेवा सदन में महिला मंडल द्वारा हरियाली महोत्सव का आयोजन किया गया. इस दौरान महिलाओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम और रक्षा सूत्र का आदान-प्रदान किया.
Nawada News : हिसुआ स्थित बरनवाल सेवा सदन में रविवार को बरनवाल महिला मंडल की ओर से हरियाली महोत्सव का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया. कार्यक्रम में समाज की महिलाओं और बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. इस दौरान धार्मिक अनुष्ठान के साथ रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए.
आपके शहर में
गायत्री महामंत्र के जाप से हुई कार्यक्रम की शुरुआत
कार्यक्रम की शुरुआत महिलाओं ने सामूहिक रूप से गायत्री महामंत्र का जाप कर की. इसके बाद बरनवाल समाज के पूर्वज महाराजा अहिवरन के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित किया गया. महिलाओं ने एक-दूसरे को हरियाली सावन की शुभकामनाएं दीं. हिसुआ की बड़ी संख्या में बरनवाल महिलाओं ने उत्साह के साथ कार्यक्रम में भाग लेकर इसे सफल बनाया.
रंगारंग प्रस्तुतियों ने बढ़ाई महोत्सव की रौनक
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं और बच्चों ने विभिन्न रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं. गीत-संगीत समेत अन्य प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मनोरंजन किया. सांस्कृतिक कार्यक्रमों को लेकर महिलाओं और बच्चों में खासा उत्साह देखा गया. कार्यक्रम के दौरान बरनवाल महिला मंडल की अध्यक्ष प्रियंका बरनवाल, सचिव लक्ष्मी बरनवाल और कोषाध्यक्ष अमिता बरनवाल के साथ अन्य सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई.
रक्षा सूत्र बांध एकजुट रहने का लिया संकल्प
महिला मंडल की अध्यक्ष प्रियंका बरनवाल ने सभी महिलाओं के बीच रक्षा सूत्र का वितरण कराया. उन्होंने कहा कि यह सूत्र महिलाओं को एक-दूसरे से जोड़कर रखने का प्रतीक है. सभी को एक-दूसरे के सुख-दुख में साथ खड़े रहने और जरूरत के समय हर संभव सहयोग करने का संकल्प दिलाया गया. इस पहल से महिलाओं में आपसी एकजुटता और सहयोग की भावना मजबूत करने का संदेश दिया गया.
नई सदस्यों का महिला मंडल में हुआ स्वागत
हरियाली सावन के अवसर पर बरनवाल महिला मंडल में कुछ नई महिलाओं को भी शामिल किया गया. नई सदस्यों के जुड़ने पर पुरानी सदस्यों ने खुशी जताई और उनका स्वागत किया. महिलाओं ने कहा कि महिला मंडल के माध्यम से सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने के साथ आपसी संबंधों को भी मजबूत किया जा रहा है.
महिलाओं की भागीदारी से सफल हुआ आयोजन
कार्यक्रम में अध्यक्ष प्रियंका बरनवाल, सचिव लक्ष्मी बरनवाल, कोषाध्यक्ष अमिता बरनवाल, प्रीति, नमिता, स्मिता, नीतू, रंजना, नेहा, मुन्नी, रेशमा, कंचन, सरिता, संगीता, वंदना, सोनम, नविता, अर्चना, ज्योति समेत बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं. महिलाओं की सक्रिय भागीदारी और रंगारंग प्रस्तुतियों से हरियाली महोत्सव की रौनक बढ़ गई.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए