उमस और बारिश के बीच पशुओं पर मंडराया वायरस का खतरा, अस्पतालों में बढ़ी बीमार पेट्स की तादाद

Author Vinay kumar|Edited by Sumit Kumar
Updated:
विज्ञापन

बीमार पशु को इंजेक्शन देते पशु चिकित्सक

मौसम में बदलाव के कारण पशुओं में मौसमी बीमारियों का प्रकोप बढ़ गया है। मुजफ्फरपुर पशु चिकित्सालय में बीमार पालतू कुत्तों और दुधारू पशुओं की संख्या में भारी इज़ाफ़ा देखा जा रहा है।

विज्ञापन

Muzaffarpur Veterinary Hospital: उत्तर बिहार में भीषण गर्मी, उमस और मानसूनी बारिश के मिले-जुले मौसम ने इंसानों के साथ-साथ बेजुबानों की मुश्किलें भी बढ़ा दी हैं. मौसम में आ रहे इस बदलाव के कारण पशु तेजी से मौसमी बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं. इन दिनों शहर के प्रांतीय पशु चिकित्सालय सहित विभिन्न पशु स्वास्थ्य केंद्रों पर बीमार पशुओं, खासकर पालतू कुत्तों को लेकर पहुंचने वाले पशुपालकों की संख्या में भारी इजाफा देखा जा रहा है.

आपके शहर में

विज्ञापन

पिल्लों के लिए बेहद जानलेवा साबित हो रहा है पर्वो वायरस

पशु चिकित्सकों के अनुसार, इस उमस भरे और नमी वाले मौसम में पशुओं की रोग प्रतिरोधक क्षमता (इम्युनिटी) काफी कमजोर हो जाती है. इसका फायदा उठाकर बैक्टीरिया और वायरस उन पर तेजी से हमला करते हैं. डॉक्टरों ने बताया कि इस मौसम में कुत्तों के लिए सबसे घातक और जानलेवा 'पर्वो वायरस' साबित हो रहा है. यह मुख्य रूप से छोटे पिल्लों (पपीज) को अपना शिकार बनाता है. यह वायरस अत्यधिक संक्रामक है, जो दूषित भोजन, पानी या संक्रमित कुत्ते के मल के संपर्क में आने से तेजी से फैलता है. इसके अलावा इन दिनों कैनाइन डिस्टेंपर और टिक फीवर के मामले भी कुत्तों में काफी बढ़ गए हैं.

दुधारू पशुओं में बढ़ा गलघोंटू और थनैला का प्रकोप, अस्पताल में दवाएं उपलब्ध

सिर्फ पालतू कुत्ते ही नहीं, बल्कि दुधारू पशु भी मौसम की मार झेल रहे हैं. ग्रामीण इलाकों से आने वाले मवेशियों में गलघोंटू, लंगड़ा बुखार और थनैला (मैस्टाइटिस) जैसे रोग अब कॉमन हो चुके हैं. प्रांतीय पशु चिकित्सालय के पशु चिकित्सक डॉ. नागेंद्र ने बताया कि गर्मी के अंत से लेकर बरसात के पूरे सीजन तक पशुओं में बीमारियों का प्रकोप चरम पर रहता है.पशुपालकों को राहत देते हुए उन्होंने बताया कि सरकारी पशु चिकित्सालय में फिलहाल 28 तरह की जरूरी दवाएं मुफ्त उपलब्ध हैं. इसके साथ ही गंभीर रूप से बीमार पशुओं को समय पर एंटीबायोटिक्स और आवश्यक इंजेक्शन भी दिए जा रहे हैं. चिकित्सकों ने पशुपालकों को इस मौसम में विशेष साफ-सफाई रखने की सलाह दी है.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन