बेकाबू बस ने बाइक सवार दो युवकों को 50 मीटर तक घसीटा, एक की मौत दूसरा गंभीर

Author Chandan|Edited by Sarfaraz Ahmad
Updated:
विज्ञापन
मुजफ्फरपुर के कच्ची-पक्की चौक के पास दुर्घटनाग्रस्त बस और मौके पर जुटी लोगों की भीड़.

मुजफ्फरपुर के कच्ची-पक्की चौक के पास दुर्घटनाग्रस्त बस और मौके पर जुटी लोगों की भीड़.

मुजफ्फरपुर में एक भीषण सड़क हादसे में तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार दो युवकों को कुचल दिया, उन्हें करीब 50 मीटर तक घसीटते हुए ले गई। इस घटना में एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।

विज्ञापन

Muzaffarpur Accident News: शहर के कच्ची-पक्की चौक स्थित रंजित कोल्ड स्टोरेज के पास शनिवार शाम एक तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि बस बाइक समेत दोनों युवकों को करीब 50 मीटर तक घसीटती चली गई. हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया.

मनियारी निवासी युवक की गई जान

मृतक की पहचान मनियारी थाना क्षेत्र के चैनपुर बंगरा निवासी 25 वर्षीय मोहम्मद आतिफ के रूप में हुई है. घायल युवक भी उसी गांव का रहने वाला बताया जा रहा है. उसकी हालत गंभीर है और उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

हादसे के बाद चालक फरार, सड़क पर लगा जाम

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के बाद भी बस नहीं रुकी और बाइक बस के अगले हिस्से में फंस गई. इसके बाद चालक बस को बीच सड़क पर छोड़कर मौके से फरार हो गया. सड़क पर बस, क्षतिग्रस्त बाइक और शव पड़े रहने से मुजफ्फरपुर-हाजीपुर मुख्य मार्ग पर लंबा जाम लग गया. घटना के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए.

पुलिस ने बस और बाइक जब्त की

सूचना मिलते ही कच्ची-पक्की थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच) भेज दिया.

चालक की तलाश में छापेमारी

कच्ची-पक्की थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त बस और उसमें फंसी बाइक को जब्त कर लिया गया है. सड़क से वाहनों को हटाकर यातायात सामान्य करा दिया गया है. फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. साथ ही मृतक के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है.


विज्ञापन
Chandan

लेखक के बारे में

By Chandan

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन