मुजफ्फरपुर: 141 करोड़ का बड़ा निवेश, 1500 लोगों को मिलेगा रोजगार, BIADA ने 5 कंपनियों को दी जमीन-शेड
प्रतीकात्मक तस्वीर
मुजफ्फरपुर में औद्योगिक विकास को नई गति मिलने वाली है. मोतीपुर औद्योगिक क्षेत्र में 141 करोड़ रुपये के निवेश से 5 नई औद्योगिक इकाइयां स्थापित होंगी, जिससे करीब 1500 लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे.
मुजफ्फरपुर: जिले में औद्योगिक विकास को नयी रफ्तार मिलने जा रही है. मोतीपुर औद्योगिक क्षेत्र में जल्द ही कई नयी औद्योगिक इकाइयां आकार लेंगी. बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकरण (BIADA) की प्रोजेक्ट क्लीयरेंस कमेटी (PCC) की हालिया बैठक में मुजफ्फरपुर से जुड़ी पांच बड़ी कंपनियों के प्रस्तावों को मंजूरी दी गयी है.
आपके शहर में
उद्योग विभाग के सचिव-सह-प्रबंध निदेशक (BIADA) कुंदन कुमार की अध्यक्षता में पटना में हुई बैठक में इन कंपनियों को जमीन और शेड आवंटित करने की स्वीकृति दी गयी. इन परियोजनाओं में कुल 141 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है. इससे करीब 1500 लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है.
मेगा फूड पार्क में खुलेगी स्नैक्स यूनिट
मोतीपुर स्थित मेगा फूड पार्क में नूडल्स, पास्ता और अन्य स्नैक्स बनाने वाली कंपनी करीब 2 करोड़ रुपये का निवेश करेगी. कंपनी को उत्पादन इकाई शुरू करने के लिए BIADA की ओर से 4,000 वर्ग फुट का शेड आवंटित किया गया है.
इस इकाई के शुरू होने से फूड प्रोसेसिंग क्षेत्र में स्थानीय स्तर पर औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.
महवल लेदर पार्क में चेन्नई और पटना की कंपनी का निवेश
महवल स्थित लेदर पार्क में चेन्नई और पटना में पहले से संचालित एक कंपनी करीब 12 करोड़ रुपये का निवेश करेगी. कंपनी लेदर गारमेंट्स और इससे जुड़े अन्य उत्पादों का निर्माण करेगी.
इस परियोजना के लिए कंपनी को कुल 46,000 वर्ग फुट क्षेत्र में 12 शेड आवंटित किये गये हैं.
गुरुग्राम की कंपनी बनाएगी लेदर जैकेट और बैग
महवल लेदर पार्क में ही गुरुग्राम, हरियाणा की एक कंपनी करीब 20 करोड़ रुपये का निवेश करने जा रही है. प्रस्तावित इकाई में मुख्य रूप से लेदर जैकेट और बैग का निर्माण किया जाएगा.
इसके अलावा लेदर पार्क में ही एक अन्य बाहरी कंपनी 2 करोड़ रुपये का निवेश कर हैंड बैग और बेल्ट निर्माण की यूनिट स्थापित करेगी.
बरियारपुर में 105 करोड़ से बनेगा बिल्डिंग मैटेरियल प्लांट
मोतीपुर के बरियारपुर औद्योगिक क्षेत्र में सबसे बड़ा निवेश मुंबई की एक कंपनी करने जा रही है. कंपनी करीब 105 करोड़ रुपये की लागत से वॉल पुट्टी समेत विभिन्न प्रकार के बिल्डिंग मैटेरियल्स तैयार करने की इकाई स्थापित करेगी.
इस परियोजना के लिए BIADA ने कंपनी को 5.29 एकड़ जमीन आवंटित की है. यह पांचों परियोजनाओं में सबसे बड़ा निवेश है.
बाहरी निवेश से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर
मुजफ्फरपुर में एक साथ कई नयी औद्योगिक इकाइयों के प्रस्तावों को मंजूरी मिलने से स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है. खासकर मोतीपुर के मेगा फूड पार्क, बरियारपुर औद्योगिक क्षेत्र और महवल लेदर पार्क में नये उद्योग आने से युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे.
लेदर पार्क में बाहरी कंपनियों के निवेश से इस क्षेत्र में निवेशकों की रुचि बढ़ने के संकेत भी मिल रहे हैं. नयी इकाइयों के संचालन के बाद प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है.
यह भी पढ़ें
मुजफ्फरपुर: ट्रैफिक पुलिस के 5.43 लाख ई-चालान पेंडिंग, 6 करोड़ की राशि अटकी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए