कुशेश्वरनाथ महादेव मंदिर में रुद्राभिषेक का समापन, हुआ महाप्रसाद वितरण
रुद्राभिषेक में शामिल पुजारी व अन्य | Prabhat Khabar Network
सावन के पवित्र महीने में कुशेश्वरनाथ महादेव मंदिर में आयोजित रुद्राभिषेक अनुष्ठान का सफलतापूर्वक समापन हुआ. अंतिम दिन महाप्रसाद वितरण के साथ पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो गया.
कांटी में रुद्राभिषेक: नगर परिषद क्षेत्र के कुशी हरपुर रमणी स्थित कुशेश्वरनाथ महादेव मंदिर में सावन के पवित्र महीने में पूरे माह चलने वाले रुद्राभिषेक अनुष्ठान का शुक्रवार को विधिवत समापन हो गया. अंतिम दिन रुद्राभिषेक, पूजन और हवन के बाद मंदिर परिसर में महाप्रसाद का वितरण किया गया. अनुष्ठान के समापन के साथ ही पूरा मंदिर परिसर हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज उठा.
आपके शहर में
पूरे माह चला रुद्राभिषेक और पूजन
आयोजनकर्ता आदर्श कुमार ने बताया कि सावन महीने में प्रतिदिन रुद्राभिषेक और विशेष पूजन का आयोजन किया गया. अंतिम दिन भी पंडित अनमोल पाठक ने विधि-विधान से रुद्राभिषेक पूजन और हवन कराया. पूरे माह बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने अनुष्ठान में भाग लेकर भगवान शिव की पूजा-अर्चना की.
मुख्य यजमान और मंदिर निर्माणकर्ता डॉ. नीरज कुमार ने कहा कि पूरे सावन माह तक चले इस धार्मिक अनुष्ठान का निर्विघ्न रूप से संपन्न होना सुखद अनुभव रहा. उन्होंने बताया कि अंतिम दिन विशेष पूजन और हवन के बाद श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया.
पहली सोमवारी के बाद आसान होता गया आयोजन
डॉ. नीरज कुमार ने बताया कि अनुष्ठान की शुरुआत में प्रतिदिन रुद्राभिषेक, हवन और शाम में बाबा का श्रृंगार कराना थोड़ा कठिन लग रहा था. हालांकि, पहली सोमवारी की शाम महाशृंगार के बाद बाबा की कृपा से पूरा आयोजन सुचारू रूप से चलता गया. उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं के सहयोग से पूरे माह धार्मिक कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ.
महिलाओं ने बाबा को बांधी राखी
रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं ने पूजन और जलाभिषेक के बाद भगवान शिव को राखी भी बांधी. श्रद्धालुओं ने क्षेत्र में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की. अंतिम दिन पूजा और हवन संपन्न होते ही मंदिर परिसर शिव के जयकारों से गूंज उठा.
पूरे माह चले रुद्राभिषेक अनुष्ठान में आदर्श कुमार, उत्कर्ष कुमार, दिलीप कुमार महतो सहित कई श्रद्धालुओं का विशेष योगदान रहा. मौके पर संतोष कुमार त्रिवेदी, रवींद्र तिवारी, प्रमोद त्रिवेदी, सुबोध त्रिवेदी, अनिल त्रिवेदी, शशांक त्रिवेदी, पंडित अनमोल पाठक, मुन्ना तिवारी, श्याम सुंदर झा, सुरेंद्र शर्मा, सुवेश कुमार, संजीत ठाकुर और रमेश मिश्रा सहित अन्य लोग मौजूद थे.
यह भी पढ़ें:
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए