मुसहरी में सड़क के जानलेवा गड्ढे के कारण बाइक पलटी, बच्चे का सिर फटा
मुज़फ़्फ़रपुर जिले में सड़क के जानलेवा गड्ढों के कारण एक बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई. इस हादसे में परिवार के सदस्य कीचड़ में गिर गए, एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया. स्थानीय लोगों ने बचाव कार्य किया.
Mushahari Road Accident: मुज़फ़्फ़रपुर जिले के मुसहरी थाना क्षेत्र अंतर्गत दरधा बाजार के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है. मुसहरी-पूसा रोड पर सड़क में बने बड़े और जानलेवा गड्ढे में जलभराव होने के कारण एक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई. इस हादसे के दौरान बाइक पर सवार एक पुरुष, महिला और दो मासूम बच्चे सीधे सड़क पर भरे गंदे पानी और कीचड़ में जा गिरे.
आपके शहर में
Muzaffarpur Bike Accident: स्थानीय लोगों ने दिखाया साहस, बाहर निकाला
दुर्घटना होते ही आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने तुरंत तत्परता दिखाते हुए पानी और कीचड़ में फंसे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला. हालांकि, इस दौरान बाइक सवार परिजनों को गहरा सदमा पहुंचा और मौके पर लोगों की भारी भीड़ एकत्र हो गई.

गंभीर रूप से घायल बच्चा अस्पताल में भर्ती
इस भयानक हादसे में एक छोटे बच्चे का सिर बुरी तरह फटने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया. बच्चे के सिर से काफी खून बह रहा था, जिससे उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. स्थानीय की मदद से घायल बच्चे को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है.
सड़क की जर्जर स्थिति से लोगों में आक्रोश
स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने प्रशासन के खिलाफ अपना कड़ा विरोध जताया है. लोगों का आरोप है कि मुसहरी-पूसा मार्ग पर बने जानलेवा गड्ढों और जलभराव के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग इस दिशा में कोई ध्यान नहीं दे रहा है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए