मुजफ्फरपुर: रात में पानी लेने निकली नाबालिग से गांव के दामाद ने किया दुष्कर्म

Updated:
विज्ञापन

सांकेतिक तस्वीर

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

कांटी थाना क्षेत्र में एक मूक-बधिर नाबालिग लड़की से दुष्कर्म का आरोप सामने आया है. पानी लेने निकली लड़की के लापता होने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की, जिसके बाद चिल्लाने की आवाज सुनकर वे मौके पर पहुंचे. स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है.

विज्ञापन

मुजफ्फरपुर: कांटी थाना क्षेत्र के एक गांव में शुक्रवार की देर रात एक नाबालिग मूक-बधिर लड़की से दुष्कर्म के आरोप में स्थानीय लोगों ने एक व्यक्ति को कांटी थाना पुलिस के हवाले कर दिया. आरोपित गांव का दामाद बताया जा रहा है और उसका घर गायघाट थाना क्षेत्र के बहुआरा में है. पुलिस ने नाबालिग को मेडिकल जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. मामले में अभी पीड़िता के परिजनों की ओर से लिखित आवेदन नहीं दिया गया है.

विज्ञापन

पानी लेने निकली थी नाबालिग, काफी देर तक नहीं लौटी

पीड़िता के परिजनों के अनुसार, बीती रात नाबालिग पानी लेने के लिए घर से बाहर चापाकल पर गयी थी. काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर उसकी दादी ने लड़की की मां से उसके बारे में पूछा. मां ने बताया कि वह काफी देर पहले पानी लेने गयी थी, लेकिन अभी तक वापस नहीं आई है.

इसके बाद परिजन उसकी खोजबीन में जुट गये. इसी दौरान बारिश भी शुरू हो गयी. परिजनों ने आरोपित से भी लड़की के बारे में पूछा, लेकिन उसने जानकारी होने से इनकार किया.

चिल्लाने की आवाज सुन घर पहुंचे परिजन

परिजन बारिश के बीच लड़की को इधर-उधर खोजते रहे. काफी देर बाद लड़की के चिल्लाने की आवाज सुनकर परिजन वहां पहुंचे. आरोप है कि लड़की को आरोपित ने अपने ही घर में छिपा रखा था. इसके बाद आरोपित ने लड़की को बाहर निकाल दिया.

मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गयी. पीड़िता ने इशारे से परिजनों को घटना के बारे में बताया. इसके बाद आक्रोशित लोगों ने आरोपित की पिटाई शुरू कर दी.

भीड़ से बचने के लिए घर में बंद हो गया आरोपित

इसी बीच स्थानीय लोगों ने पुलिस और डायल 112 को सूचना दी. आक्रोशित लोगों से बचकर आरोपित घर के अंदर चला गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया. लोगों के काफी कहने के बावजूद उसने दरवाजा नहीं खोला. आक्रोशित लोग दरवाजा तोड़ने की तैयारी में थे, तभी थाना पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंच गयी.

पुलिस के कहने के बाद भी आरोपित दरवाजा नहीं खोल रहा था. पुलिस द्वारा दरवाजा तोड़ने की बात कहे जाने पर वह डर गया और दरवाजा खोल दिया. इसके बाद पुलिस टीम ने आक्रोशित लोगों से बचाते हुए आरोपित को थाने पहुंचाया.

आरोपित के आपराधिक इतिहास की भी जांच

स्थानीय लोगों ने आरोपित पर आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति होने का आरोप लगाया है. लोगों के अनुसार, कुछ माह पूर्व उसके खिलाफ घर में घुसकर चोरी करने का आवेदन भी दिया गया था.

थानाध्यक्ष रविकांत पाठक ने बताया कि लोगों ने एक दिव्यांग नाबालिग लड़की से दुष्कर्म के आरोप में एक व्यक्ति को पुलिस के हवाले किया है. पुलिस नाबालिग को मेडिकल जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया में लगी हुई है. स्थानीय लोगों ने आरोपित पर आपराधिक प्रवृत्ति का आरोप भी लगाया है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है.

थानाध्यक्ष ने बताया कि अभी तक पीड़िता के परिजनों की ओर से कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया है. मेडिकल जांच की रिपोर्ट और आवेदन के आधार पर पुलिस कानून संगत कार्रवाई करेगी.

यह भी पढ़ें

फरक्का जल संधि को लेकर जदयू का ‘नीतीश संवाद’, बिहार के हित में नहीं बताया समझौता

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन