नेपाल में भारी बारिश से उफान पर बूढ़ी गंडक,शहर के कई इलाकों में घुसा पानी, आश्रम घाट डूबा

सिकंदरपुर में 33 सेमी बढ़ा बूढ़ी गंडक का जलस्तर; वार्ड 15 में घुसा पानी, कर्पूरी नगर में चली नाव | Prabhat Khabar Network
नेपाल में भारी बारिश के कारण उत्तर बिहार की नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है. मुजफ्फरपुर में बूढ़ी गंडक नदी उफान पर है, जिससे निचले इलाकों में बाढ़ का पानी फैल गया है. आश्रम घाट पूरी तरह जलमग्न हो गया है.
Muzaffarpur Flood Alert: नेपाल के पहाड़ी इलाकों में हो रही मूसलाधार बारिश का असर अब उत्तर बिहार की नदियों पर साफ दिखने लगा है. मुजफ्फरपुर जिले से होकर गुजरने वाली नदियों के जलस्तर में अप्रत्याशित वृद्धि दर्ज की जा रही है. शहर के सिकंदरपुर स्थित मापक स्थल पर पिछले 24 घंटे के भीतर बूढ़ी गंडक नदी का जलस्तर 33 सेंटीमीटर बढ़कर 49.80 मीटर के स्तर पर पहुंच गया है. नदी के इस रौद्र रूप से तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंताएं बढ़ गई हैं.
निचले इलाकों में फैला पानी, आश्रम घाट पूरी तरह जलमग्न
नदी के बढ़ते जलस्तर के कारण शहर के निचले इलाकों में तेजी से बाढ़ का पानी फैल रहा है. वार्ड नंबर 15 और कर्पूरी नगर के निचले हिस्सों में जलभराव की स्थिति इस कदर गंभीर हो गई है कि वहां अब नाव चलाने की नौबत आ गई है. लोगों को आवाजाही में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. वहीं, शहर का प्रसिद्ध आश्रम घाट पूरी तरह से पानी में डूब गया है.
अलर्ट मोड पर जिला प्रशासन, तटबंधों की बढ़ी निगरानी
स्थानीय स्थिति के बिगड़ने की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड पर आ गया है. बाढ़ नियंत्रण विभाग और स्थानीय पुलिस प्रशासन की टीमें संवेदनशील तटबंधों पर लगातार गश्त कर रही हैं. प्रशासन ने निचले इलाकों के निवासियों को सतर्क रहने की सलाह दी है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही हैं.
ये भी पढ़ें:एआई 'हसीन जाल': नौकरी के नाम पर होटल मालिक से नजदीकी, फिर डीपफेक फोटो से ऐंठे 97 लाख; अब खाक छान रही पुलिस
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By माधव कुमार
पिछले 16 वर्षों से प्रोफेशनल फोटोग्राफी और पत्रकारिता के क्षेत्र में माधव सक्रिय हैं. बेहतर फोटोग्राफी के लिए इन्हें कई अवार्ड भी मिले हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










