बूढ़ी गंडक के जलस्तर में भारी उफान, खतरे के निशान के करीब पहुंची नदी

अखाड़ाघाट पर बूढ़ी गंडक के जलस्तर में तेज बढ़ोतरी, बांधों की निगरानी के साथ प्रशासन अलर्ट | Prabhat Khabar Network
नेपाल और तराई में भारी बारिश के कारण बूढ़ी गंडक नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है. मुजफ्फरपुर के कई घाटों की सीढ़ियां डूब गईं हैं और नदी खतरे के निशान के करीब है. जिला प्रशासन संभावित बाढ़ को लेकर पूरी तरह से सतर्क है.
Budhi Gandak Flood: बूढ़ी गंडक नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है. नेपाल और तराई के इलाकों में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण नदी का जलस्तर अखाड़ा घाट, चंदवारा और सिकंदरपुर में उफान पर है. जलस्तर बढ़ने से कई प्रमुख घाटों की सीढ़ियां और निचले इलाके पूरी तरह से पानी में डूब गए हैं. नदी का पानी अब खतरे के निशान के बेहद करीब पहुंच चुका है, जिससे निचले इलाकों में रहने वाले लोगों के बीच बाढ़ की आशंका को लेकर चिंता बढ़ गई है.
संभावित बाढ़ को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट
बाढ़ की संभावित स्थिति को देखते हुए मुजफ्फरपुर जिला प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड पर आ गया है. जल संसाधन विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त टीमें चौबीसों घंटे नदी के जलस्तर की सघन निगरानी कर रही हैं. सिकंदरपुर, अखाड़ा घाट और मुजफ्फरपुर शहर को सुरक्षा प्रदान करने वाले सभी प्रमुख रिंग बांधों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है. विभाग द्वारा इन बांधों को सुरक्षित रखने के लिए लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है ताकि किसी भी तरह की अनहोनी को रोका जा सके.
संवेदनशील स्थलों पर राहत और बचाव सामग्री का भंडारण
बाढ़ के खतरे से निपटने के लिए जल संसाधन विभाग ने सभी संवेदनशील स्थलों पर मरम्मत और कटाव निरोधक सामग्री जैसे बालू की बोरियां और बोल्डर का पर्याप्त भंडारण कर लिया है. जिला प्रशासन का कहना है कि किसी भी आपात स्थिति में बांध को तत्काल सुरक्षित करने के लिए पूरी तैयारी है. जिला प्रशासन ने बाढ़ नियंत्रण से जुड़े सभी संबंधित विभागों और अधिकारियों को मुस्तैद रहने का सख्त निर्देश जारी किया है.
ये भी पढ़ें: मुजफ्फरपुर के कच्ची पक्की चौक पर 10 मिनट में दो हादसे, दो युवकों की दर्दनाक मौत
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By माधव कुमार
पिछले 16 वर्षों से प्रोफेशनल फोटोग्राफी और पत्रकारिता के क्षेत्र में माधव सक्रिय हैं. बेहतर फोटोग्राफी के लिए इन्हें कई अवार्ड भी मिले हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










