ब्रेड फैक्ट्री में मजदूर की संदिग्ध मौत, हत्या और आत्महत्या के बिंदुओं पर हो रही जांच
ब्रेड फैक्ट्री में मजदूर की संदिग्ध मौत
मुजफ्फरपुर की एक ब्रेड फैक्ट्री में काम करने वाले 21 वर्षीय मजदूर की संदिग्ध मौत हो गई है। परिजनों का आरोप है कि गला घोंटकर हत्या की गई है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।
Bread factory worker suspicious death: मुजफ्फरपुर जिले के मीनापुर थाना इलाके के गंजबाजार स्थित हनुमान मंदिर के पास एक ब्रेड फैक्ट्री में कार्यरत मजदूर की संदिग्ध स्थिति में मौत हो गई. मृतक की पहचान शिवहर जिले के पिपराही थाना क्षेत्र के बैरिया गांव निवासी किशुन बैठा के 21 वर्षीय पुत्र हीरालाल के रूप में की गई है. इस घटना के सामने आने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई.
Muzaffarpur Crime News: परिजनों ने लगाया गला घोटकर हत्या का आरोप
सूचना मिलने पर जब परिजन मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने युवक के शव को देखकर हत्या का गंभीर आरोप लगाया. मृतक के पिता किशुन बैठा ने बताया कि उनका बेटा पिछले तीन वर्षों से इस ब्रेड फैक्ट्री में काम कर रहा था. अचानक फैक्ट्री की एक महिला ने फोन करके उन्हें अनहोनी की सूचना दी. मौके पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि हीरालाल के गले पर रस्सी के गहरे जख्म के निशान थे, जिससे उन्होंने किसी के द्वारा गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई है.
FSL टीम और पुलिस कर रही है गहन जांच
घटना की सूचना मिलते ही मीनापुर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया. थानाध्यक्ष सुभाष मुखिया ने बताया कि परिजनों के लिखित बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. मामले की तकनीकी और वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया है. पुलिस इस मामले में हत्या और आत्महत्या दोनों ही पहलुओं को ध्यान में रखकर गहराई से छानबीन कर रही है.
महिला को हिरासत में लेकर पुलिस कर रही पूछताछ
पुलिस इस मामले में फैक्ट्री के अन्य मजदूरों और आसपास के दुकानदारों से भी लगातार पूछताछ कर रही है. मृतक के परिवार को फोन कर घटना की सूचना देने वाली महिला ममता देवी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ जारी है. इस अचानक हुई दर्दनाक घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
यह भी पढ़ें... मुजफ्फरपुर में प्रॉपर्टी डीलर की हत्या के मामले में, आठ साल से फरार आरोपी गिरफ्तार
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए