हर शहर में बनेगी ‘सिग्नेचर रोड’, नाइट मार्केट से निखरेगी शहरों की खूबसूरती
बिहार के सभी शहरों को खूबसूरत बनाने की एक बड़ी तैयारी शुरू हो गई है. अब हर शहर में 'सिग्नेचर रोड' विकसित की जाएंगी. इन सड़कों पर आधुनिक सुविधाएं होंगी और व्यवस्थित नाइट मार्केट भी बनाया जाएगा.
signature road project: बिहार के सभी शहरों के स्वरूप को और अधिक आकर्षक और व्यवस्थित बनाने की बड़ी तैयारी शुरू कर दी गई है. नगर विकास एवं आवास विभाग ने राज्य के सभी नगर निकायों में सड़कों के विकास और सौंदर्यीकरण के कार्यों को तेज गति देने का निर्देश जारी किया है. इसके तहत प्रदेश के प्रत्येक नगर निगम, नगर परिषद और नगर पंचायत क्षेत्र में एक से दो किलोमीटर लंबी मुख्य सड़क को ‘सिग्नेचर रोड’ के रूप में विकसित किया जाएगा.
Night market development: मुख्य सड़कों का होगा चौड़ीकरण और सौंदर्यीकरण
नगर विकास एवं आवास विभाग के परियोजना पदाधिकारी-सह-उप निदेशक द्वारा जारी पत्र के अनुसार, सिग्नेचर रोड के लिए ऐसी मुख्य सड़कों का चयन किया जाए, जिनकी चौड़ाई पर्याप्त हो. चयनित सड़कों पर योजनाबद्ध तरीके से चौड़ीकरण, आधुनिक प्रकाश व्यवस्था, व्यापक पौधरोपण और सौंदर्यीकरण के साथ अन्य आधुनिक नागरिक सुविधाओं को भी विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया है.
व्यवस्थित नाइट मार्केट विकसित करने की योजना
शहरवासियों को बेहतर और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इन चुनिंदा सड़कों पर आवश्यकतानुसार एक व्यवस्थित नाइट मार्केट विकसित करने की भी योजना है. इससे न केवल स्थानीय स्तर पर व्यापार को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि शहरों की नाइटलाइफ और उनकी कुल खूबसूरती में भी चार चांद लग जाएंगे.
दो चरणों में समयबद्ध तरीके से पूरी होंगी योजनाएं
इन विकास योजनाओं को तय समय सीमा के भीतर पूरा करने के लिए विभाग ने दो अलग-अलग चरण निर्धारित किए हैं. इसके तहत अक्टूबर 2026 तक अल्पकालिक और दिसंबर 2028 तक दीर्घकालिक योजनाओं को पूरी तरह से पूरा करने का स्पष्ट लक्ष्य रखा गया है, ताकि सभी कार्य समय पर धरातल पर उतर सकें.
एमआईएस पोर्टल पर देनी होगी समेकित रिपोर्ट
विभाग ने सभी नगर निगमों के नगर आयुक्तों, बुडको के प्रबंध निदेशक तथा नगर परिषदों एवं नगर पंचायतों के कार्यपालक पदाधिकारियों को कड़ा निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र की चयनित विकास योजनाओं और सिग्नेचर रोड की सूची एमआईएस पोर्टल के माध्यम से अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराएं.
यह भी पढ़ें... मुजफ्फरपुर में प्रॉपर्टी डीलर की हत्या के मामले में, आठ साल से फरार आरोपी गिरफ्तार
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए