कांटी के छह स्कूलों में डेढ़ करोड़ से बनेंगे अतिरिक्त भवन, विधायक अजीत कुमार ने किया शिलान्यास
कांटी क्षेत्र के 6 सरकारी विद्यालयों में करीब डेढ़ करोड़ की लागत से अतिरिक्त भवनों का निर्माण होगा. विधायक ई. अजीत कुमार ने शिलान्यास कर शिक्षा को समाज और राष्ट्र की प्रगति का मजबूत आधार बताया.
Muzaffarpur News: कांटी. कांटी विधायक सह पूर्व मंत्री ई. अजीत कुमार ने लगातार दूसरे दिन रविवार को क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में अतिरिक्त भवन निर्माण कार्य का शिलान्यास किया. करीब डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इन अतिरिक्त विद्यालय भवनों के निर्माण से स्कूलों में कक्षाओं की कमी दूर होने की उम्मीद है. शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों, छात्र-छात्राओं और स्थानीय लोगों ने विधायक का गर्मजोशी से स्वागत किया.
आपके शहर में
छह विद्यालयों में अतिरिक्त भवन का होगा निर्माण
विधायक अजीत कुमार ने उच्च माध्यमिक विद्यालय साइन, बीरपुर हाई स्कूल, उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय श्रृंगार, उच्च माध्यमिक विद्यालय बथनाहा उर्दू और उच्च माध्यमिक विद्यालय असनगर हिंदी समेत क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में अतिरिक्त भवन निर्माण का शिलान्यास किया. कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल रहा.
अपने संबोधन में विधायक ने कहा कि कांटी क्षेत्र की तीव्र प्रगति ही उनका लक्ष्य है. क्षेत्र के चारों ओर विकास दिखे, इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि कांटी के विकास में एनटीपीसी कांटी का भी सहयोग मिल रहा है.
शिक्षा को बताया समाज और राष्ट्र की प्रगति का आधार
विधायक अजीत कुमार ने कहा कि शिक्षा समाज और राष्ट्र की प्रगति की मजबूत आधारशिला है. विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ विद्यालयों में आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना भी उनकी प्राथमिकता है.
उन्होंने कहा कि अतिरिक्त भवन बनने से विद्यालयों में कक्षाओं की कमी दूर होगी और छात्र-छात्राओं को पढ़ाई के लिए बेहतर वातावरण मिल सकेगा. सरकारी विद्यालयों में आधारभूत संरचना को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं.
भवन, शौचालय और पेयजल जैसी सुविधाओं पर जोर
विधायक ने कहा कि जिन विद्यालयों में भवन, कमरे, शौचालय, पेयजल सहित अन्य सुविधाओं की जरूरत है, वहां प्राथमिकता के आधार पर काम कराने का प्रयास किया जाएगा. उन्होंने शिक्षकों से पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ विद्यार्थियों को शिक्षा देने का आह्वान किया.
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, अभिभावकों और ग्रामीणों ने अतिरिक्त विद्यालय भवन निर्माण की पहल का स्वागत किया. स्थानीय लोगों ने कहा कि भवन बनने से बच्चों को पढ़ाई में सुविधा मिलेगी और विद्यालय की शिक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी.
असनगर में यूरिया की शिकायत, डीएम से की बात
असनगर में स्थानीय लोगों ने विधायक अजीत कुमार के समक्ष यूरिया खाद नहीं मिलने की शिकायत की. इस पर विधायक ने मौके से ही जिलाधिकारी और जिला कृषि पदाधिकारी से दूरभाष पर बात की और तत्काल यूरिया उपलब्ध कराने की बात कही.
कार्यक्रम में राजेश पांडेय, विजय पांडेय, सुमन सिंह, इरफान अहमद दिलकश, रामसागर चौधरी, रूपनारायण साह, कुमोद ओझा, मधुसूदन सिंह, सुरेंद्र सिंह, मोतिउरहमान, विवेक रंजन, प्रिंस ठाकुर, सोनू तिवारी, सोनू सिंह, शिवेंद्र ठाकुर, पवन कुमार, रजनीश सिंह, दीपक उर्फ टुन्ना, चुन्नू सिंह, रोहन कुमार, प्रभाकर शाही, विश्वनाथ प्रताप सिंह, पंकज सिंह, उमेश पांडेय, अजय सिंह, अरविंद कुमार, चुन्नू सिंह महंत, हबीबुर्रहमान उर्फ बबलू, शाहिद रजा उर्फ लड्डन, मुन्ना कुमार, पप्पू तिवारी, राजनारायण साह और कौशन सिंह समेत संबंधित विद्यालयों के शिक्षक, छात्र-छात्राएं, अभिभावक और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद थे.
यह भी पढ़ें: शिक्षक दिवस पर सीतामढ़ी में 10 वरिष्ठ पेंशनरों का सम्मान, समारोह में 85 सदस्य रहे मौजूद
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए