आज का दर्शन : मुंगेर का चंडिका स्थान, जहां गिरी थी मां सती की बाईं आंख
चंडिका स्थान मुंगेर | Prabhat Khabar Network
मुंगेर का चंडिका स्थान देश के प्रमुख शक्तिपीठों में से एक है। यहाँ माता सती की बाईं आंख गिरी थी। जानिए इस मंदिर की पौराणिक कथा और श्रद्धालुओं की आस्था के बारे में।
मुंगेर : मुंगेर का चंडिका स्थान श्रद्धालुओं की गहरी आस्था का प्रमुख केंद्र है. यह शक्तिपीठ न केवल मुंगेर और बिहार, बल्कि दूसरे राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी विशेष महत्व रखता है. साल भर यहां भक्त मां चंडिका के दर्शन और पूजा-अर्चना कर परिवार के सुख, शांति और मंगल की कामना करते हैं.
आपके शहर में
मां सती की बाईं आंख गिरने की है मान्यता
धार्मिक मान्यता के अनुसार, भगवान शिव के अपमान से आहत माता सती ने अग्निकुंड में अपने प्राण त्याग दिए थे. इसके बाद भगवान शिव माता सती के पार्थिव शरीर को लेकर विचरण करने लगे. इसी दौरान उनके शरीर के विभिन्न अंग और आभूषण अलग-अलग स्थानों पर गिरे, जिन्हें शक्तिपीठ के रूप में पूजा जाता है.
मान्यता है कि मुंगेर के चंडिका स्थान पर मां सती की बाईं आंख गिरी थी. इसी कारण यह स्थान प्रमुख शक्तिपीठों में शामिल माना जाता है. यहां मां चंडिका का नेत्र पहाड़ की गुफा के भीतर स्थित होने की मान्यता है, जिसके ऊपर मंदिर का निर्माण कराया गया है. मंदिर परिसर में अन्य देवी-देवताओं के भी अलग-अलग मंदिर हैं.
साल भर उमड़ते हैं श्रद्धालु
चंडिका स्थान में सामान्य दिनों में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं. हालांकि नवरात्र के दौरान यहां आस्था का विशेष नजारा देखने को मिलता है. मां के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए भक्तों की लंबी कतार लग जाती है. मंदिर परिसर घंटों और जयकारों से गूंज उठता है.
मुंगेर का चंडिका स्थान केवल एक धार्मिक स्थल ही नहीं, बल्कि सदियों से लोगों की आस्था और विश्वास का प्रमुख केंद्र बना हुआ है. यहां पहुंचने वाले श्रद्धालु मां चंडिका के चरणों में अपनी मनोकामनाएं रखते हैं और परिवार के सुख-समृद्धि की प्रार्थना करते हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By राणा गौरी शंकर
राणा गौरी शंकर प्रिंट माध्यम में 32 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक आज से की. अभी प्रभात खबर के मुंगेर कार्यालय में कार्यरत हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए