केवाईपी सेंटरों को फिर से शुरू कराने की मांग को लेकर संचालकों का पटना में प्रदर्शन
आंदोलन केवाईपी संचालक | Prabhat Khabar Network
कुशल युवा कार्यक्रम (केवाईपी) सेंटरों को फिर से शुरू करने की मांग को लेकर मुंगेर के संचालकों ने पटना में जोरदार प्रदर्शन किया। जानें पूरी खबर।
मुंगेर. कुशल युवा कार्यक्रम केवाईपी सेंटरों को पुनः संचालित करने की मांग को लेकर राज्यभर के संचालकों ने पटना में जोरदार प्रदर्शन किया. केवाईपी बचाओ अभियान के बैनर तले हजारों की संख्या में संचालक पटना पहुंचे और अपनी मांगों के समर्थन में श्रम भवन एवं भाजपा कार्यालय का घेराव किया. आंदोलन में मुंगेर जिले के भी बड़ी संख्या में केवाईपी सेंटर संचालकों ने भाग लिया.
आपके शहर में
प्रदर्शन में शामिल मुंगेर के केवाईपी संचालक पंकज कुमार सिंह ने बताया कि पिछले करीब 10 वर्षों से राज्य के विभिन्न हिस्सों में कुशल युवा कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को कंप्यूटर, संचार कौशल, व्यक्तित्व विकास समेत रोजगारपरक प्रशिक्षण दिया जा रहा है. योजना से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और युवाओं को लाभ मिल रहा है. ऐसे में अचानक केवाईपी सेंटरों का संचालन बंद कर दिया जाना संचालकों के साथ-साथ प्रशिक्षण लेने वाले युवाओं के हित में भी उचित नहीं है.
उन्होंने कहा कि पुराने सेंटरों के संचालन को लेकर निर्णय लेने के बजाय नए सिरे से टेंडर की प्रक्रिया की बात की जा रही है. वर्षों से योजना का संचालन कर रहे अनुभवी संचालकों और उनके संसाधनों को नजरअंदाज किया जा रहा है. इससे सेंटर संचालकों के सामने रोजगार का संकट खड़ा हो गया है. साथ ही युवाओं के कौशल प्रशिक्षण पर भी प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका है.
पुराने संचालकों को प्राथमिकता देने की मांग
प्रदर्शनकारी संचालकों ने सरकार से मांग की कि केवाईपी सेंटरों का संचालन तत्काल दोबारा शुरू कराया जाए. साथ ही पूर्व से कार्यरत और अनुभवी संचालकों को प्राथमिकता दी जाए.
संचालकों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा. पटना में हुए इस प्रदर्शन में मुंगेर जिले के संचालकों की भी बड़ी भागीदारी रही.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By राणा गौरी शंकर
राणा गौरी शंकर प्रिंट माध्यम में 32 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक आज से की. अभी प्रभात खबर के मुंगेर कार्यालय में कार्यरत हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए