मुंगेर: चुरंबा में विवाहिता का फंदे से लटकता मिला शव, मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप; FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य

Updated:
विज्ञापन

मृतका के घर के बाहर लगी भीड़

मुंगेर के चुरंबा गांव में एक विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटकता मिला है. मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या का गंभीर आरोप लगाया है. घटना के बाद पुलिस और FSL की टीम मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है.

विज्ञापन

मुंगेर जिले के वासुदेवपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चुरंबा गांव में शनिवार की सुबह एक विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में उसके कमरे में फंदे से लटकता बरामद किया गया. मृतका की पहचान मो. सैफ अली की पत्नी तमन्ना के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलते ही वासुदेवपुर और पूरबसराय थाने की पुलिस के साथ फॉरेंसिक साइंस लैबोरेट्री (FSL) की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए मुंगेर सदर अस्पताल भेज दिया है, जबकि एफएसएल टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए हैं.

आपके शहर में

विज्ञापन

पिता का गंभीर आरोप: दहेज में मांग रहे थे 10 लाख और बुलेट बाइक

घटना के बाद मृतका के पिता मुन्ना खां ने ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का सीधा आरोप लगाते हुए पुलिस को लिखित बयान दिया है. पिता ने बताया कि करीब पांच वर्ष पूर्व उन्होंने अपनी हैसियत के अनुसार पर्याप्त दान-दहेज और उपहार देकर तमन्ना का विवाह चुरंबा गांव निवासी नुरउद्दीन के पुत्र सैफ अली के साथ किया था. आरोप है कि शादी के कुछ ही दिनों बाद से ससुराल पक्ष के लोग 10 लाख रुपये नकद और एक बुलेट मोटरसाइकिल की मांग को लेकर तमन्ना के साथ मारपीट और मानसिक प्रताड़ना करने लगे थे.

मृतका के घर के बाहर लगी भीड़, घर के अंदर जांच करते हैं पुलिस | Prabhat Khabar Network
घर के अंदर जांच करती पुलिस | Prabhat Khabar Network

विदेश जाने के लिए भी मायके से मांगे थे रुपये

पिता के अनुसार, दामाद सैफ अली विदेश जाने के नाम पर भी मायके से मोटी रकम की मांग कर रहा था. माली हालत ठीक न होने के कारण मायके वाले रुपये देने में असमर्थ रहे. इसके बाद सैफ किसी तरह विदेश चला गया, लेकिन उसके जाने के बाद भी ससुर, सास और देवर द्वारा दहेज के लिए तमन्ना को लगातार प्रताड़ित किया जाता रहा. मुन्ना खां का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों ने पहले तमन्ना की हत्या कर दी और फिर मामले को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटका दिया.

3 साल की मासूम बच्ची के सिर से उठा साया, मायके में कोहराम

घटना की सूचना मिलते ही मृतका के मायके में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. तमन्ना अपने पीछे 3 वर्ष की एक मासूम बेटी छोड़ गई है, जिसके सिर से मां का साया हमेशा के लिए उठ गया है. मासूम बच्ची को देख वहां मौजूद ग्रामीणों की आंखें भी नम हो गईं.

पोस्टमार्टम व एफएसएल रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई: थानाध्यक्ष

वासुदेवपुर थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और एफएसएल की टीम ने कमरे से आवश्यक फिंगरप्रिंट व अन्य साक्ष्य जुटाए हैं. थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों बिंदुओं को ध्यान में रखकर गहराई से तफ्तीश कर रही है. पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा, जिसके आधार पर नामजद अभियुक्तों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन