सदर अस्पताल में बाहरी लोगों के बढ़ रहे दखल पर सिविल सर्जन सख्त, जिम्मेदारी तय
मॉडल अस्पताल मुंगेर | Prabhat Khabar Network
मुंगेर सदर अस्पताल में बाहरी लोगों के काम करने पर अब प्राथमिकी दर्ज होगी। सिविल सर्जन ने अस्पताल प्रबंधन को सख्त निर्देश जारी किए हैं।
मुंगेर. सदर अस्पताल में लगातार बढ़ रहे बाहरी और अनाधिकृत लोगों दखल पर सिविल सर्जन पूरी तरह एक्शन मोड में है. इसे लेकर सिविल सर्जन ने अस्पताल उपाधीक्षक को पत्र भेजकर जिम्मेदारी तय करते हुए कई दिशा निर्देश दिया है. जिसके तहत अब सदर अस्पताल के वार्ड में बाहरी या अनाधिकृत लोगों द्वारा कार्य करते पाए जाने पर उनके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी. जबकि इसे लेकर अस्पताल प्रबंधन की भूमिका को भी संदिग्ध मानते हुए अस्पताल उपाधीक्षक और अस्पताल प्रबंधक के विरुद्ध भी कार्रवाई होगी. इतना ही नहीं अस्पताल में मरीजों के लिए उपलब्ध स्वास्थ्य उपकरण सहित अन्य व्यवस्थाओं के समुचित संचालन को लेकर अस्पताल प्रबंधक को नोडल अधिकारी बनाते हुए नियमित रूप से इसके अनुश्रवण का निर्देश दिया गया है.
आपके शहर में
वार्ड में कार्य करते मिले बाहरी लोग तो दर्ज होगी प्राथमिकी
सिविल सर्जन डॉ राजू ने अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिया है कि आए दिन अस्पताल के विभिन्न वार्डों में बाहरी व अनाधिकृत लोगों द्वारा कार्य करते पाए जाने की शिकायत प्राप्त होती है. जबकि ऐसे अनाधिकृत लोगों द्वारा कई बार मरीज अथवा उनके परिजनों के साथ अभद्र व्यवहार किए जाने के कारण हंगामे की स्थिति भी बन जाती है. इतना ही नहीं ऐसे बाहरी या अनाधिकृत लोगों द्वारा कई बार मरीजों को बहला फुसलाकर निजी अस्पताल के जाया जाता है या ले जाने का प्रयास किया जाता है. जिससे न केवल मरीजों का आर्थिक शोषण होता है, बल्कि अस्पताल की व्यवस्थाएं भी प्रभावित होती है. ऐसे में अस्पताल प्रबंधन यह सुनिश्चित करेंगे कि अस्पताल के सभी वार्डों में बाहरी और अनाधिकृत लोगों द्वारा कार्य न किया जाए, यदि वार्ड में कोई अनाधिकृत या बाहरी व्यक्ति कार्य करते पाया जाता है तो संबंधित की पहचान करते हुए उसके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराने की कार्रवाई किया जाए.
अस्पताल प्रबंधन की जिम्मेदारी भी होगी तय
सिविल सर्जन डॉ राजू ने बताया कि सदर अस्पताल के विभिन्न वार्डों में बाहरी या अनाधिकृत लोगों द्वारा कार्य किए जाने पर अस्पताल प्रबंधन के भूमिका को लेकर भी ज़िम्मेदारी तय की जाएगी. उन्होंने बताया कि अस्पताल के वार्डों में निर्देश के बावजूद भी बाहरी या अनाधिकृत लोग कार्य करते पाए जाते हैं तो ऐसे में अस्पताल प्रबंधन की भूमिका भी संदिग्ध मानी जाए. ऐसे में अस्पताल उपाधीक्षक और अस्पताल प्रबंधक पर भी जिम्मेदारी तय करते हुए उनके विरूद्ध स्पष्टीकरण और वेतन कटौती की कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने बताया कि अस्पताल में मरीजों को दिए जाने वाले स्वास्थ्य सेवाओं में किसी प्रकार की लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जायेगी. स्वास्थ्य उपकरणों के रखरखाव को लेकर अस्पताल प्रबंधक होने नोडल
मुंगेर - सिविल सर्जन डॉ राजू ने बताया कि सदर अस्पताल में आए दिन कई वार्डों में स्वास्थ्य उपकरण सहित मॉडल अस्पताल में लिफ्ट या एसी खराब रहने की सूचना मिलती है. जिससे मरीजों को परेशानी होती है. उन्होंने बताया कि इसे लेकर सदर अस्पताल में मरीजों के इलाज के लिए उपलब्ध सभी उपकरण और मॉडल अस्पताल की सभी सुविधाएं जैसे लिफ्ट, एसी आदि के रखरखाव और नियमित अनुश्रवण को लेकर अस्पताल प्रबंधक को नोडल बनाया गया है. जिसे नियमित रूप से सभी स्वास्थ्य उपकरण और सुविधाओं को चालू रखना सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए