डीएम ने सहयोग शिविर का किया उद्घाटन, आवास, शौचालय और पेंशन योजनाओं के लिए जुटे लोग

Updated:
विज्ञापन
सहयोग शिविर का दीप प्रज्वलित कर उद्घाटन करते जिला अधिकारी निखिल धनराज निपनिकर

सहयोग शिविर का दीप प्रज्वलित कर उद्घाटन करते जिला अधिकारी निखिल धनराज निपनिकर

जमालपुर प्रखंड में आयोजित सहयोग शिविर का उद्घाटन डीएम निखिल धनराज निपनिकर ने किया. शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना और सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना था. लाभुकों को सहायता राशि के चेक भी वितरित किए गए.

विज्ञापन

मुंगेर (जमालपुर) से विजय कुमार गुप्ता की रिपोर्ट

Sahyog Camp: जमालपुर प्रखंड की इंदरुख पूर्वी पंचायत स्थित उच्च विद्यालय परिसर में मंगलवार को सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. शिविर का उद्घाटन मुंगेर के जिलाधिकारी निखिल धनराज निपनिकर ने जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया. शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना था.

जरूरतमंदों की समस्याओं के समाधान पर दिया जोर

उद्घाटन के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि सहयोग शिविर में आने वाला प्रत्येक जरूरतमंद अपनी समस्या या शिकायत दर्ज करा सकता है. सभी आवेदनों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिया कि अधिक से अधिक मामलों का ऑन द स्पॉट निष्पादन सुनिश्चित करें, ताकि लोगों को सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर नहीं लगाने पड़ें.

लाभुकों को सौंपे गए चेक

शिविर के दौरान जिलाधिकारी ने सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लाभुकों को सहायता राशि के चेक प्रदान किए. साथ ही शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को भी प्रोत्साहन राशि का चेक सौंपकर सम्मानित किया. इसके बाद उन्होंने पैदल भ्रमण कर सड़क विहीन गांधी टोला मोहल्ले का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.

100 से अधिक आवेदन हुए प्राप्त

Sahyog Camp: सहयोग शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), शौचालय निर्माण, राशन कार्ड, बिजली विपत्र, गली-नाली योजना, हर घर नल-जल योजना तथा विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं से जुड़े 100 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए. समाचार लिखे जाने तक आवेदन लेने और समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया जारी थी.

अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

शिविर में वरीय उपसमाहर्ता प्रिया, डीआरसीसी की सुनीरा, जिला कृषि पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. प्रभात रंजन, पंचायत मुखिया सूलो पासवान, पैक्स अध्यक्ष अमित कुमार सिंह तथा प्रखंड 20 सूत्री क्रियान्वयन समिति के अध्यक्ष मुनीलाल मंडल सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे.


विज्ञापन
Pintu Pranav

लेखक के बारे में

By Pintu Pranav

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन