जमालपुर में सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य के घर डाका, बेटे को बंधक बनाकर 3.5 लाख नकद और 15 लाख के जेवर लूटे
डकैती के बाद कमरे की स्थिति. | Prabhat Khabar Network
जमालपुर में सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य के घर हुई डकैती में 3.5 लाख कैश और 15 लाख के जेवर लूटे गए. बदमाशों ने बेटे को बंधक बनाया. पुलिस जांच जारी.
जमालपुर थाना क्षेत्र के फरीदपुर दास टोला में हथियारबंद बदमाशों ने मंगलवार की अहले सुबह सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य मनोज कुमार दास के घर डकैती की वारदात को अंजाम दिया. करीब पांच नकाबपोश बदमाश छत के रास्ते घर में दाखिल हुए और सबसे पहले उनके पुत्र सौरभ कुमार को बंधक बना लिया. इसके बाद बदमाशों ने पूरे परिवार को एक कमरे में बंद कर दिया और घर में जमकर लूटपाट की.
बेटे को पीटकर बनाया बंधक
पीड़ित परिजनों के अनुसार, घटना मंगलवार की सुबह करीब 3 बजे हुई. परिवार के सभी सदस्य सो रहे थे. इसी दौरान छत के रास्ते घर में दाखिल हुए बदमाशों की आहट से सौरभ कुमार की नींद खुल गयी. बदमाशों ने उसके साथ मारपीट की और मुंह में कपड़ा ठूंसकर हाथ-पैर बांध दिये.
इसके बाद बदमाशों ने परिवार के अन्य सदस्यों को भी एक कमरे में बंद कर दिया. परिजनों के मुताबिक सभी बदमाशों के हाथ में देसी कट्टा और धारदार हथियार थे.
अलमारी और बक्सों के ताले तोड़कर की लूट
परिजनों के अनुसार, बदमाशों ने करीब आधे घंटे तक घर के अलग-अलग कमरों में तलाशी ली. अलमारी और बक्सों के ताले तोड़कर करीब 3.5 लाख रुपये नकद और लगभग 15 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात लूट लिये.
जाते समय बदमाशों ने परिजनों को धमकी दी कि घटना की जानकारी पुलिस को देने पर पूरे परिवार को जान से मार दिया जायेगा. इस धमकी के कारण बदमाशों के जाने के बाद भी परिवार के सदस्य काफी देर तक भय के कारण घर से बाहर नहीं निकले.
मुख्य दरवाजा खोलकर फरार हुए बदमाश
परिजनों के अनुसार, वारदात के बाद बदमाश घर का मुख्य दरवाजा खोलकर फरार हो गये. इसके बाद परिजनों ने पुलिस के 112 नंबर पर सूचना दी. सूचना मिलने के बाद सुबह करीब 6 बजे पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची.
डॉग स्क्वाड और टेक्निकल टीम ने शुरू की जांच

पुलिस ने घटनास्थल की जांच के लिए डॉग स्क्वाड और टेक्निकल टीम को भी बुलाया. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि बदमाशों की पहचान और उनके आने-जाने के रास्ते का पता लगाया जा सके. पुलिस मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है.
रात की गश्ती पर स्थानीय लोगों ने उठाये सवाल
सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य के घर डकैती की घटना के बाद फरीदपुर के 10 टोला इलाके में दहशत का माहौल है. स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में रात के समय नियमित पुलिस गश्ती नहीं होती है. उनका कहना है कि इसी का फायदा उठाकर बदमाशों ने इतनी बड़ी वारदात को अंजाम दिया. लोगों ने इलाके में रात्रि गश्ती बढ़ाने और घटना में शामिल बदमाशों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए