मुंगेर में महाजाम: श्रीकृष्ण सेतु से बरियारपुर तक वाहनों की लंबी कतार

NH-80 और NH-333बी पर लगे महाजाम में फंसे वाहनों की लंबी कतार
Munger Traffic Jam: हालात ऐसे रहे कि लोगों को महज एक किलोमीटर की दूरी तय करने में कई घंटे लग गए. जाम में फंसे राहगीरों, यात्रियों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा.
एंबुलेंस और एसडीओ की गाड़ी भी फंसी, घंटों सड़क पर कैद रहे लोग
मुंगेर से वीरेंद्र कुमार सिंह की रिपोर्ट:
Munger Traffic Jam: जिले की लाइफलाइन माने जाने वाले NH-80 और NH-333बी पर भारी वाहनों के बढ़ते दबाव के कारण भीषण जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई है. श्रीकृष्ण सेतु से लेकर बरियारपुर तक तथा मस्जिद मोड़ से गढ़ी रामपुर मार्ग तक वाहनों की लंबी कतारें लगी हुई हैं. शुक्रवार देर रात शुरू हुआ जाम शनिवार अपराह्न तक भी नहीं खुल सका, जिससे आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया.
हालात ऐसे रहे कि लोगों को महज एक किलोमीटर की दूरी तय करने में कई घंटे लग गए. जाम में फंसे राहगीरों, यात्रियों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा.
बारिश के बाद और बिगड़े हालात
शनिवार सुबह हुई बारिश के बाद स्थिति और गंभीर हो गई. सड़क पर भारी वाहनों की लंबी कतार लगने से यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई. मस्जिद मोड़ से ऋषिकुंड जाने वाली सहायक सड़क पर भी करीब एक किलोमीटर लंबा जाम लग गया. ट्रकों, डंपरों, बसों और अन्य वाहनों के बीच दोपहिया वाहन चालकों का निकलना भी मुश्किल हो गया.
कई लोग जाम से परेशान होकर वाहन छोड़ पैदल ही अपने गंतव्य की ओर जाते दिखाई दिए.
जाम में फंसी एंबुलेंस और अधिकारियों की गाड़ी
महाजाम की भयावहता उस समय सामने आई जब एक गंभीर मरीज को लेकर जा रही एंबुलेंस श्रीकृष्ण सेतु पर घंटों तक जाम में फंसी रही. मरीज के परिजन लगातार रास्ता देने की अपील करते रहे, लेकिन वाहनों की लंबी कतार के कारण एंबुलेंस आगे नहीं बढ़ सकी. स्थानीय लोगों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद एंबुलेंस को बाहर निकाला गया.
जाम में आम लोगों के साथ प्रशासनिक अधिकारी भी फंस गए. मस्जिद मोड़ के पास खड़गपुर अनुमंडल पदाधिकारी राजीव रोशन की सरकारी गाड़ी भी करीब एक घंटे तक जाम में फंसी रही. उन्होंने कहा कि जिला मुख्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में शामिल होने में उन्हें काफी विलंब हुआ.
नो-एंट्री नियमों की अनदेखी बनी वजह
स्थानीय लोगों का कहना है कि नो-एंट्री नियमों और रूट डायवर्जन का प्रभावी पालन नहीं होने के कारण भारी वाहनों का दबाव लगातार बढ़ रहा है. बरियारपुर से लेकर श्रीकृष्ण सेतु तक ट्रकों और डंपरों की दोहरी कतारें लग जाने से यातायात व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो गई है.
लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि भारी वाहनों के परिचालन को नियंत्रित करने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके और भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Shruti Kumari
श्रुति कुमारी एक पत्रकार और डिजिटल कंटेंट राइटर हैं। उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से अंग्रेजी पत्रकारिता में स्नातकोत्तर डिप्लोमा प्राप्त किया है। वर्तमान में वे प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें विभिन्न प्लाटफॉर्म्स पर डिजिटल पत्रकारिता और कंटेंट राइटिंग का लगभग दो वर्षों का अनुभव है। सामाजिक मुद्दों, महिला सशक्तिकरण, राजनीति, शिक्षा और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लिखना उनकी विशेष रुचि का क्षेत्र है। इसके अलावा वे डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए स्क्रिप्ट राइटिंग करती हैं तथा हिंदी कविता और अंगिका भाषा में लेखन का भी शौक रखती हैं। प्रकृति से उनका विशेष लगाव है और वे मानती हैं कि संवेदनशील, तथ्यपरक और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता समाज में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बन सकती है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










