सहयोग शिविर में पहुंचे डीएम-एसपी, सुनीं जन समस्याएं, त्वरित समाधान के दिए निर्देश

Updated:
विज्ञापन

खैरा गांव में आयोजित सहयोग शिविर का निरीक्षण करते जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पणीकर एवं पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद.

Munger Sehyog Shivir: हवेली खड़गपुर प्रखंड के खैरा गांव में आयोजित सहयोग शिविर में जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पणीकर और पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद ने पहुंचकर आम लोगों की समस्याएं सुनीं. अधिकारियों ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण कर शिकायतों के त्वरित समाधान और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए.

विज्ञापन

हवेली खड़गपुर से रतन झा की रिपोर्ट:

आपके शहर में

विज्ञापन

Munger Sehyog Shivir: हवेली खड़गपुर प्रखंड की रमनकाबाद पश्चिमी पंचायत अंतर्गत खैरा गांव स्थित राजकीय बुनियादी विद्यालय परिसर में मंगलवार को सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. शिविर का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना तथा सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना था. शिविर का संयुक्त रूप से निरीक्षण जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पणीकर एवं पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद ने किया.

इस दौरान दोनों अधिकारियों ने बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों, महिलाओं एवं बुजुर्गों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

विभिन्न विभागों के स्टॉलों का किया निरीक्षण

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया. उन्होंने राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, मनरेगा, आपूर्ति, पंचायती राज, विद्युत एवं जल-नल योजना से संबंधित कार्यों की समीक्षा की.

शिविर में भूमि विवाद, दाखिल-खारिज, राशन कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना तथा बिजली और सड़क से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं. कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि जटिल मामलों के निपटारे के लिए समय-सीमा निर्धारित की गई.

पुलिस अधीक्षक ने साइबर अपराध से किया आगाह

पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद ने ग्रामीणों से संवाद कर क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था का फीडबैक लिया. उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखना पुलिस प्रशासन की प्राथमिकता है.

उन्होंने बढ़ते साइबर अपराधों को लेकर लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक खाता, एटीएम, ओटीपी अथवा अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें. किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन पर सूचना देने की अपील की.

लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई

जिलाधिकारी ने कहा कि सहयोग शिविर का उद्देश्य प्रशासन को लोगों के द्वार तक पहुंचाना है, ताकि आम नागरिकों को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविर में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए.

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जनहित के कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी. शिकायतों के निष्पादन में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी.

इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी राजीव रोशन, एसडीपीओ अनिल कुमार, बीडीओ प्रियंका कुमारी, पंचायती राज पदाधिकारी आशीष कुमार झा, अंचल अधिकारी जयप्रकाश, राजस्व पदाधिकारी आशीष यादव, कार्यक्रम पदाधिकारी कुमार मनीष, सीडीपीओ पुष्पा कुमारी, पीएचईडी के कनीय अभियंता संजय किरण सहित कई पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन