मुंगेर में चिमनी भट्ठा पर नाइट गार्ड की गोली मारकर हत्या, दो महीने पुराने विवाद की जांच में जुटी पुलिस

Updated:
विज्ञापन
चिमनी भट्ठा पर सो रहे नाइट गार्ड की गोली मारकर हत्या

घटना स्थल पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक घटना की जानकारी देते | Prabhat Khabar Network

Munger Night Guard Murder: बिहार के मुंगेर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक चिमनी भट्ठा पर सो रहे नाइट गार्ड की अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी. पुलिस इस हत्याकांड को दो महीने पुराने एक विवाद से जोड़कर जांच कर रही है.

विज्ञापन

Munger Night Guard Murder: बिहार के मुंगेर जिले में बुधवार देर रात एक सनसनीखेज हत्या की वारदात सामने आई. सफियासराय थाना क्षेत्र के डकरा नाला स्थित एक चिमनी भट्ठा पर ड्यूटी कर रहे नाइट गार्ड की अपराधियों ने सोते समय सिर में गोली मारकर हत्या कर दी. मृतक की पहचान डकरा सतखजुरिया निवासी 45 वर्षीय सुबोध कुमार यादव के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक (SP) सैयद इमरान मसूद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी. पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका है और मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है.

सोते समय सिर में मारी गोली, मौके पर हुई मौत

जानकारी के अनुसार, सुबोध कुमार यादव डकरा नाला स्थित एक चिमनी भट्ठा पर नाइट गार्ड के रूप में कार्यरत थे. बुधवार रात वे घर से खाना खाकर ड्यूटी पर पहुंचे और चारपाई पर सो गए.

इसी दौरान देर रात अपराधी वहां पहुंचे और सो रहे सुबोध यादव के सिर में गोली मार दी. गोली लगते ही उनकी मौके पर ही मौत हो गई. वारदात के बाद हमलावर फरार हो गए.

घटना की सूचना मिलते ही सफियासराय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की. कुछ ही देर बाद पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद भी घटनास्थल पर पहुंचे.

दो महीने पुराने विवाद से जुड़ रहे हत्याकांड के तार

पुलिस की शुरुआती जांच में हत्या का संबंध दो महीने पुराने विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है.

बताया जा रहा है कि करीब दो माह पहले सुबोध यादव की बेटी गांव के ही एक युवक के साथ घर से चली गई थी. इस मामले में सुबोध यादव ने सफियासराय थाना में अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई थी.

पुलिस ने उस मामले में एक नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भी भेजा था. परिजनों का आरोप है कि उसी विवाद के बाद से विपक्षी पक्ष लगातार जान से मारने की धमकी दे रहा था.

हालांकि पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है और सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है.

Munger Night Guard Murder: अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चल रही छापेमारी

पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद ने बताया कि डकरा नाला स्थित चिमनी भट्ठा पर नाइट गार्ड की गोली मारकर हत्या की गई है. प्रथम दृष्टया मामला पुराने विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है.

उन्होंने कहा कि पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है. एफआईआर और पूर्व में दर्ज मामले के रिकॉर्ड की भी समीक्षा की जा रही है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा.

घटना के बाद डकरा सतखजुरिया गांव और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है. पुलिस ने लोगों से अफवाहों से बचने और जांच में सहयोग करने की अपील की है.

Also Read: पटना हाईकोर्ट ने कहा- महिला की छाती दबाना और सलवार हटाने की कोशिश दुष्कर्म का प्रयास नहीं, बल्कि लज्जा भंग का अपराध

ये भी पढ़ें: 'मुझे वैभव सूर्यवंशी की नहीं...', इंग्लैंड के दिग्गज ने बताई भारतीय टीम की असली चुनौती


विज्ञापन
Birendra Kumar Sing

लेखक के बारे में

By Birendra Kumar Sing

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन