मुंगेर में लिंक फेल होते ही गैस बुकिंग ठप, भीषण गर्मी में घंटों खड़े रहे उपभोक्ता

ब्रह्मशिला गैस एजेंसी में गैस बुकिंग के लिए कतार में खड़े उपभोक्ता
Munger news: उपभोक्ताओं ने बताया कि उन्होंने पहले से गैस लेने के लिए अपना नंबर लगवा रखा था. गैस वितरण के लिए आवश्यक डीएससी नंबर रसीद कटने के बाद ही उपलब्ध होता है, लेकिन लिंक फेल रहने के कारण पूरी प्रक्रिया ठप हो गई.
हवेली खड़गपुर (मुंगेर) से रतन झा की रिपोर्ट:
Munger news: नगर स्थित ब्रह्मशिला गैस एजेंसी में बुधवार को तकनीकी खराबी के कारण लिंक फेल हो जाने से गैस उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. सुबह से ही एजेंसी परिसर में लोगों की लंबी कतार लग गई. भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप के बीच उपभोक्ता घंटों लाइन में खड़े रहे, लेकिन बुकिंग प्रक्रिया बाधित रहने के कारण गैस की रसीद नहीं कट सकी.
उपभोक्ताओं ने बताया कि उन्होंने पहले से गैस लेने के लिए अपना नंबर लगवा रखा था. गैस वितरण के लिए आवश्यक डीएससी नंबर रसीद कटने के बाद ही उपलब्ध होता है, लेकिन लिंक फेल रहने के कारण पूरी प्रक्रिया ठप हो गई.
घंटों इंतजार के बाद भी नहीं मिला समाधान
उपभोक्ता वरुण कुमार, संजय कुमार, मनोज कुमार, राशिद आलम, मंजू देवी और प्रियंका कुमारी सहित अन्य लोगों ने बताया कि वे सुबह से एजेंसी पहुंचे थे, लेकिन तकनीकी समस्या के कारण उनका काम नहीं हो सका. गर्मी में लंबे समय तक इंतजार करने से लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी.
उपभोक्ताओं ने कहा कि एजेंसी में पर्याप्त वैकल्पिक व्यवस्था नहीं होने के कारण लोगों को बेवजह घंटों इंतजार करना पड़ा.
लिंक बहाल होते ही होगी बुकिंग प्रक्रिया पूरी
एजेंसी के बुकिंग क्लर्क डब्लू कुमार ने बताया कि तकनीकी खराबी के कारण सुबह से लिंक फेल है. हालांकि उपभोक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उनके गैस बुक जमा कर लिए गए हैं.
उन्होंने कहा कि जैसे ही लिंक बहाल होगा, सभी लंबित बुकिंग की प्रक्रिया पूरी कर गैस की डिलीवरी सुनिश्चित कर दी जाएगी.
स्थायी समाधान की उठी मांग
तकनीकी समस्या के कारण हुई अव्यवस्था से उपभोक्ताओं में नाराजगी देखी गई. लोगों ने संबंधित विभाग और एजेंसी प्रबंधन से ऐसी समस्याओं के स्थायी समाधान की मांग की है, ताकि भविष्य में उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना न करना पड़े.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Shruti Kumari
श्रुति कुमारी एक पत्रकार और डिजिटल कंटेंट राइटर हैं। उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से अंग्रेजी पत्रकारिता में स्नातकोत्तर डिप्लोमा प्राप्त किया है। वर्तमान में वे प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें विभिन्न प्लाटफॉर्म्स पर डिजिटल पत्रकारिता और कंटेंट राइटिंग का लगभग दो वर्षों का अनुभव है। सामाजिक मुद्दों, महिला सशक्तिकरण, राजनीति, शिक्षा और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लिखना उनकी विशेष रुचि का क्षेत्र है। इसके अलावा वे डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए स्क्रिप्ट राइटिंग करती हैं तथा हिंदी कविता और अंगिका भाषा में लेखन का भी शौक रखती हैं। प्रकृति से उनका विशेष लगाव है और वे मानती हैं कि संवेदनशील, तथ्यपरक और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता समाज में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बन सकती है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










