गंगा का जलस्तर बढ़ने से बढ़ी बाढ़ की आशंका, दियारा क्षेत्रों में फैलने लगा पानी

Updated:
विज्ञापन

ऊफान पर गंगा नदी | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

मुंगेर में गंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, जिससे प्रशासन हाई अलर्ट पर है. दियारा क्षेत्रों में पानी फैलने लगा है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है. संभावित बाढ़ से निपटने के लिए राहत और बचाव कार्य तेज कर दिए गए हैं.

विज्ञापन

Flood Alert: मुंगेर जिले में गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है. लगातार बढ़ रहे जलस्तर के कारण दियारा क्षेत्रों में पानी फैलना शुरू हो गया है. हालांकि फिलहाल नदी का जलस्तर चेतावनी स्तर से नीचे है, लेकिन लगातार हो रही वृद्धि को देखते हुए प्रशासन ने संभावित बाढ़ से निपटने की तैयारी शुरू कर दी है.

विज्ञापन

चेतावनी स्तर की ओर बढ़ रहा जलस्तर

जानकारी के अनुसार गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ते हुए लगभग 35 मीटर के करीब पहुंचने वाला है. मुंगेर में गंगा का चेतावनी स्तर 38.33 मीटर तथा खतरे का निशान 39.33 मीटर निर्धारित है. फिलहाल जलस्तर चेतावनी स्तर से नीचे है, लेकिन ऊपरी क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के कारण आने वाले दिनों में इसमें और वृद्धि की संभावना जताई जा रही है.

दियारा क्षेत्रों में बढ़ी किसानों की चिंता

जलस्तर बढ़ने के साथ ही गंगा का पानी दियारा क्षेत्रों में फैलने लगा है. इससे खेती-किसानी प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है. स्थानीय ग्रामीण और किसान संभावित बाढ़ को लेकर चिंतित हैं और लगातार नदी की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं.

राहत एवं बचाव की तैयारी तेज

Flood Alert: संभावित बाढ़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियां तेज कर दी हैं. प्रशासन ने संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की निगरानी शुरू कर दी है. राहत शिविरों के लिए स्थान चिह्नित किए जा चुके हैं. जरूरत पड़ने पर सामुदायिक रसोई संचालित करने की भी तैयारी पूरी कर ली गई है. प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के लिए नावों की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है.

सभी विभाग अलर्ट मोड में

जिला प्रशासन ने संबंधित विभागों और सभी प्रखंडों के अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया है. अधिकारियों को लगातार स्थिति की निगरानी करने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है.

अफवाहों से बचने की अपील

जिला प्रशासन ने दियारा क्षेत्र के लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक निर्देशों का पालन करने की अपील की है. लोगों को नदी किनारे अनावश्यक आवाजाही से बचने तथा किसी भी आपात स्थिति की सूचना तुरंत प्रशासन को देने की सलाह दी गई है.



आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन