अनाज लदा मालवाहक वाहन पलटा, एक श्रमिक गंभीर रूप से घायल
अनुमंडल अस्पताल में इलाजरत घायल राहुल कुमार.
Kharagpur Road Accident: घायल श्रमिक की पहचान मुजफ्फरगंज गांव निवासी राहुल कुमार के रूप में हुई है. राहुल कुमार ने बताया कि वे लोग कैसोली पैक्स गोदाम से अनाज लोड कर खड़गपुर की ओर जा रहे थे. इसी दौरान रायपुरा के नजरी गांव के पास अचानक वाहन का स्टेयरिंग फेल हो गया, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और मालवाहक सड़क किनारे पलट गया.
हवेली खड़गपुर, मुंगेर से रतन झा की रिपोर्ट:
आपके शहर में
Kharagpur Road Accident: गंगटा-खड़गपुर मुख्य मार्ग पर रायपुरा के नजरी गांव के समीप शनिवार को अनाज लदा एक मालवाहक वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया. हादसे में वाहन पर कार्यरत एक श्रमिक गंभीर रूप से घायल हो गया. स्थानीय लोगों की मदद से घायल को इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया.
स्टेयरिंग फेल होने से हुआ हादसा
घायल श्रमिक की पहचान मुजफ्फरगंज गांव निवासी राहुल कुमार के रूप में हुई है. राहुल कुमार ने बताया कि वे लोग कैसोली पैक्स गोदाम से अनाज लोड कर खड़गपुर की ओर जा रहे थे. इसी दौरान रायपुरा के नजरी गांव के पास अचानक वाहन का स्टेयरिंग फेल हो गया, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और मालवाहक सड़क किनारे पलट गया.
हादसे में श्रमिक को आई गंभीर चोट
वाहन पलटने के कारण राहुल कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए. दुर्घटना के बाद आसपास के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें वाहन से बाहर निकाला और इलाज के लिए खड़गपुर अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया.
अस्पताल में चल रहा इलाज
अनुमंडल अस्पताल में इलाज कर रहे चिकित्सक डॉ. अजीत कुमार ने बताया कि घायल राहुल कुमार के सिर और दाहिने पैर में गंभीर चोटें आई हैं. इसके अलावा शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोट लगी है. फिलहाल उनका इलाज किया जा रहा है और स्वास्थ्य पर चिकित्सकों की नजर बनी हुई है.
दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए मार्ग पर अफरातफरी का माहौल बना रहा. हालांकि स्थानीय लोगों की सक्रियता से स्थिति जल्द सामान्य हो गई.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए