ड्यूटी करने अस्पताल पहुंची महिला चिकित्सक पर पति ने किया हमला, जूते से मारने का आरोप; आरोपी हिरासत में
इलाज कराती महिला चिकित्सक डॉ निधि. | Prabhat Khabar Network
मुंगेर सदर अस्पताल में ड्यूटी पर पहुंची एक महिला डॉक्टर पर उनके पति ने कथित तौर पर हमला किया. घटना के बाद अस्पताल में अफरातफरी मच गई और पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में ले लिया. महिला डॉक्टर ने गंभीर आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई है.
मुंगेर सदर अस्पताल में बुधवार को ड्यूटी करने पहुंची स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ निधि के साथ उनके पति डॉ कृष्ण गोपाल द्वारा कथित मारपीट का मामला सामने आया है. महिला चिकित्सक ने कोतवाली थाना में दिये आवेदन में पति पर मारपीट, दुर्व्यवहार और आंखों में स्प्रे डालने का आरोप लगाया है. घटना के बाद अस्पताल परिसर में कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया. शोर सुनकर मौके पर पहुंचे सुरक्षा कर्मियों ने हस्तक्षेप कर आरोपी पति को पकड़ लिया. बाद में 112 की टीम के पहुंचने पर उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया गया.
आपके शहर में
ड्यूटी पर पहुंचते ही शुरू हुआ विवाद
डॉ निधि ने पुलिस को दिये आवेदन में बताया कि वह सदर अस्पताल में स्त्री रोग विशेषज्ञ के पद पर कार्यरत हैं. बुधवार सुबह वह अपनी ड्यूटी के लिए अस्पताल पहुंची थीं. इसी दौरान उनके पति डॉ कृष्ण गोपाल वहां पहुंचे. महिला चिकित्सक का आरोप है कि इसके बाद पति ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी.
उन्होंने आरोप लगाया कि पति ने चेहरे और शरीर के कई हिस्सों पर जूते से प्रहार किया. इसके बाद आंखों और चेहरे पर स्प्रे कर दिया. स्प्रे पड़ने के बाद दोनों आंखों में तेज जलन होने लगी और उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.
शोर सुनकर सुरक्षा कर्मियों ने आरोपी को पकड़ा
महिला चिकित्सक और उनके पति के बीच हुए विवाद के दौरान अस्पताल परिसर में शोर होने लगा. आवाज सुनकर अस्पताल में तैनात सुरक्षा कर्मी मौके पर पहुंचे और मामले में हस्तक्षेप किया. सुरक्षा कर्मियों ने आरोपी पति को पकड़ लिया.
इसके बाद घटना की सूचना 112 पुलिस टीम को दी गयी. सूचना मिलने पर 112 की टीम सदर अस्पताल पहुंची और आरोपी डॉ कृष्ण गोपाल को अपने साथ कोतवाली थाना ले गयी. घटना के बाद अस्पताल परिसर में कुछ देर तक लोगों की भीड़ भी जुटी रही.
दोनों के बीच पहले से न्यायालय में चल रहा है मामला
महिला चिकित्सक डॉ निधि ने बताया कि उनके और पति के बीच पहले से न्यायालय में मुकदमा चल रहा है. इसी बीच सदर अस्पताल परिसर में हुई इस घटना ने मामले को और गंभीर बना दिया है.
इधर, महिला चिकित्सक की ओर से दिये गये आवेदन के आधार पर पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. पुलिस घटना के संबंध में दोनों पक्षों से जुड़े तथ्यों और आरोपों की पड़ताल कर रही है. जांच के बाद ही मामले में आगे की कार्रवाई की जायेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए