अतिक्रमण की समस्या बनी नासूर, हर दिन जाम से जूझ रहे शहरवासी

हवेली खड़गपुर अतिक्रमण
Haveli Kharagpur Encroachment: शहर के प्रमुख मार्गों पर अतिक्रमण से बिगड़ रही यातायात व्यवस्था. कार्रवाई के बावजूद कुछ ही देर में फिर सज जाती हैं सड़क किनारे दुकानें, लोगों की परेशानी लगातार बढ़ रही है.
हवेली खड़गपुर (मुंगेर) से रतन झा की रिपोर्ट
Haveli Kharagpur Encroachment: मुंगेर जिले के हवेली खड़गपुर शहर में अतिक्रमण की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है. शहर के प्रमुख मार्गों पर सड़क किनारे अस्थायी दुकानें और ठेले लगने से सुबह से शाम तक जाम की स्थिति बनी रहती है. नगर परिषद समय-समय पर अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाती है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं निकल पाने के कारण शहरवासियों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
प्रमुख सड़कों पर दिनभर लगता है जाम
हवेली खड़गपुर के थाना रोड, बस स्टैंड रोड, अस्पताल रोड, सब्जी मार्केट रोड, तारापुर रोड, आंबेडकर चौक, नंदलाल बोस चौक, पटेल चौक और पुरानी चौक जैसे प्रमुख मार्ग अतिक्रमण से प्रभावित हैं. सड़क किनारे अस्थायी दुकानें और ठेले लगने से वाहनों की आवाजाही बाधित होती है. नतीजतन पूरे दिन छोटे-बड़े वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं और लोगों को गंतव्य तक पहुंचने में काफी समय लग जाता है.
फुटपाथ पर भी कब्जा, पैदल चलना हुआ मुश्किल
अतिक्रमणकारियों ने कई स्थानों पर फुटपाथ तक पर कब्जा कर लिया है. इससे पैदल चलने वाले लोगों को सड़क पर उतरकर चलना पड़ता है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. स्थानीय लोगों का कहना है कि बाजार क्षेत्र में सबसे अधिक परेशानी बुजुर्गों, महिलाओं और स्कूली बच्चों को होती है.
अभियान चलता है, लेकिन समस्या जस की तस
Haveli Kharagpur Encroachment: नगर परिषद का अतिक्रमण दस्ता समय-समय पर सड़क किनारे लगे ठेलों और अस्थायी दुकानों को हटाता है. हालांकि कार्रवाई समाप्त होने के कुछ ही समय बाद फिर से वही स्थिति बन जाती है. ठेला संचालक और दुकानदार दोबारा उसी स्थान पर दुकानें लगा लेते हैं, जिससे अभियान का असर स्थायी नहीं हो पाता.
स्थायी समाधान की उठ रही मांग
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि अतिक्रमण की समस्या अब शहर के लिए लाइलाज बनती जा रही है. इसका असर न केवल यातायात व्यवस्था पर पड़ रहा है, बल्कि शहर की सुंदरता भी प्रभावित हो रही है. लोगों ने प्रशासन और नगर परिषद से नियमित निगरानी, प्रभावी कार्रवाई और स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि शहर को जाम और अतिक्रमण की समस्या से राहत मिल सके
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










