ePaper

खुलासा : दुष्कर्म के प्रयास के दौरान दानिश व अन्य ने की रिया व आसिफ की हत्या, पहले चली शराब पार्टी और फिर...

Updated at : 22 Sep 2019 11:05 AM (IST)
विज्ञापन
खुलासा : दुष्कर्म के प्रयास के दौरान दानिश व अन्य ने की रिया व आसिफ की हत्या, पहले चली शराब पार्टी और फिर...

मुंगेर : मुंगेर पुलिस ने घटना के 24 घंटे के अंदर रिया व आसिफ हत्याकांड का खुलासा कर दिया है और इस मामले में मुख्य आरोपित दानिश को भी गिरफ्तार कर लिया है. मुंगेर के राजद विधायक विजय कुमार विजय की 25 वर्षीया भतीजी रिया उर्फ ट्विंकल एवं उसके प्रेमी आसिफ की हत्या उसके दोस्तों […]

विज्ञापन

मुंगेर : मुंगेर पुलिस ने घटना के 24 घंटे के अंदर रिया व आसिफ हत्याकांड का खुलासा कर दिया है और इस मामले में मुख्य आरोपित दानिश को भी गिरफ्तार कर लिया है. मुंगेर के राजद विधायक विजय कुमार विजय की 25 वर्षीया भतीजी रिया उर्फ ट्विंकल एवं उसके प्रेमी आसिफ की हत्या उसके दोस्तों ने ही मिलकर कर दी. मुंगेर सदर प्रखंड परिसर के पीछे आसिफ के दोस्तों ने पहले शराब पी और फिर जब शराब का नशा चढ़ा, तो उन्होंने अपने दोस्त की प्रेमिका रिया के साथ दुष्कर्म करना चाहा. पर, आसिफ ने इसका विरोध किया. फलत: दानिश व अन्य तीन दोस्तों ने मिलकर रिया व आसिफ की गोली मारकर हत्या कर दी.

इस मामले को लेकर शनिवार को दिनभर डीआइजी से लेकर पुलिस अधीक्षक व एसएफएल की टीम पड़ताल करती रही और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर इस बात का खुलासा हुआ कि आसिफ के दोस्तों ने ही प्रेमी युगल की हत्या की है.

ब्लॉक के पीछे मिला शव, कनपट्टी में मारी गयी थी गोली
सदर प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित राज्य खाद्य निगम का गोदाम के पीछे दीवार तोड़ कर एक रास्ता बना हुआ है. उसी के पीछे बगीचा है, जहां प्रेमी युगल का शव बरामद किया गया. लड़की के बाएं कनपट्टी में गोली मारी गयी थी, जबकि उसके प्रेमी को दांयी कनपट्टी में गोली लगी थी. एक हाथ की दूरी पर दोनों का शव पड़ा हुआ था. मामले का पता तब चला जब कुछ स्थानीय लोगों ने देखा कि एक स्कूटी घंटों से बगीचे में दीवार के समीप खड़ी है. उस समय रात के 10:40 बज रहे थे.

रात काफी होने के कारण लोगों को संदेह हुआ और ग्रामीणों का जुटान होने लगा. जब ग्रामीण स्कूटी के पास पहुंचे और इधर-उधर टार्च जला कर देखने लगे तो स्कूटी से कुछ ही दूरी पर एक आम के पेड़ के नीचे युवक-युवती का शव पड़ा हुआ था. लोगों ने तत्काल इसकी सूचना मुफस्सिल थाना पुलिस को दी. मौके पर पहुंची पुलिस दोनों शवों को अपने कब्जे में कर मुंगेर सदर अस्पताल लायी. घटनास्थल से मात्र स्कूटी बरामद हुआ. वहां न तो खोखा मिला और न ही पिस्टल बरामद हुआ.

दानिश की गिरफ्तारी के बाद बरामद हुआ पिस्टल
सुजावलपुर स्थित घटनास्थल से कुछ दूरी पर रहने वाले स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि गांव के ही कुछ लड़के इधर गये थे. इनमें एक की पहचान दानिश एवं दूसरे की पहचान आसिफ के रूप में हुई. उनके साथ दो अन्य युवक भी थे. इसी सूचना पर पुलिस ने दानिश को उसके घर से उठाया और कड़ाई से पूछताछ की. दानिश की निशानदेही पर घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर एक झाड़ी से प्रेमी युगल का मोबाइल बरामद किया गया, जो टूटी-फूटी स्थिति में था. इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल से करीब आधा किलोमीटर दूर मुख्य सड़क के किनारे एक झाड़ी से न्यू मेड नाइन एमएम पिस्टल बरामद किया. इसमें दो कारतूस भरे हुए थे.

दिनभर दानिश से पूछताछ होती रही और अंतत: दानिश ने पूरे घटनाक्रम पर से पर्दा हटा दिया. उसने स्वीकार किया कि वह तथा उसके तीन अन्य मित्र रिया के साथ दुष्कर्म करना चाहते थे, लेकिन जब उसके दोस्त आसिफ ने विरोध किया, तो उनलोगों ने मिलकर दोनों के सिर में गोली मार दी.

कहते हैं एसपी
पुलिस अधीक्षक गौरव मंगला ने बताया कि इस मामले में मृत आसिफ के दोस्त दानिश को गिरफ्तार किया गया और उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त पिस्टल भी बरामद किया गया है. एसएफएल जांच व पोस्टमार्टम की प्राथमिक जांच से यह बात सामने आयी कि रिया व आसिफ की दानिश व उसके दोस्तों ने मिलकर हत्या की है. इस मामले में तीन अन्य की गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयास कर रही.

घटनास्थल से बरामद हुए शराब के पाउच व ग्लास
मुंगेर. घटनास्थल पर पहुंची एफएसएल की टीम ने जब पड़ताल शुरू की तो कई आपत्तिजनक सामान बरामद हुआ. जहां से दोनों का शव पुलिस ने बरामद किया था वहां चार ईंट लगे हुए हैं. इनके बीच में एक कागज का टुकड़ा था, जिस पर कुछ खाने-पीने के सामान का अंश मिला. कुछ ही दूरी पर एक यूज कंडोम व प्लास्टिक का ग्लास मिला, जिसमें शराब का अंश था. साथ ही दीवार की दूसरी तरफ एक शराब का पैकेट भी मिला, जो यह दर्शाता है कि वहां पहले शराब पार्टी चली होगी.

मेडिकल बोर्ड ने किया रिया व आसिफ का पोस्टमार्टम

मुंगेर मृतक प्रेमी युगल का मेडिकल बोर्ड गठित कर पोस्टमार्टम किया गया. इसमें सदर अस्पताल उपाधीक्षक डॉ सुधीर कुमार, डॉ के रंजन, डॉ राजीव कुमार, डॉ निर्मला गुप्ता एवं डॉ मंजूला रानी शामिल थे. लड़की की स्थिति को देखने से पता चलता है कि उसे घसीटा गया था. पोस्टमार्टम में भी पाया गया कि मौत से पहले उसके साथ मारपीट की गयी थी. गले में और गाल पर मारपीट के निशान पाये गये, जबकि लड़के के आंख के पास भी मारपीट के निशान थे. डीआईजी मनु महाराज, एसपी गौरव मंगला एवं एएसपी हरिशंकर कुमार दिनभर इस मामले में उद‍्भेदन में लगे रहे, जबकि इससे पहले पुलिस केंद्र मुंगेर से स्वान दस्ते की टीम पहुंची और घंटों जांच पड़ताल की. उसके बाद एसएफएल की टीम वहां पहुंची और ब्लड का सेंपल उठाया.

पुलिस को दिन भर बरगलता रहा दानिश
प्रेमी युगल का शव मिलने के बाद शनिवार की देर रात ही मुंगेर पुलिस ने मृत आसिफ के दोस्त दानिश को गिरफ्तार किया. उसकी निशानदेही पर पुलिस ने झाड़ी से प्रेमी युगल का मोबाइल एवं हत्या में प्रयुक्त पिस्टल व कारतूस को बरामद किया. पहले तो दिन भर दानिश पुलिस को बरगलाता रहा. इसके कारण एसपी गौरव मंगला डबल मर्डर को सुसाइड बताते रहे. पर, डीआइजी मनु महाराज की जांच में मामला संदेहास्पद लगा और फिर दानिश से कड़ाई से पूछताछ होने लगी. इसके बाद दानिश टूट गया और हत्या की बात स्वीकार की. जिन तीन दोस्तों के साथ उसने हत्या को अंजाम दिया, उनके नामों का भी उसने खुलासा किया.

कड़ाई से पूछताछ में उगला राज
दानिश दिन भर पुलिस को बरगलाता रहा. पहले दानिश ने बताया कि रिया से आसिफ प्यार करता था. तीन-चार दिन पहले आसिफ ने मुझसे कहा कि एक पिस्टल दिला दो, क्योंकि रिया पिस्तौल चलाना सीखना चाहती है. मैं उसकी बातों में आ गया और उसे गोली व पिस्तौल उपलब्ध करा दिया. घटना की रात आसिफ के साथ वह और दो अन्य युवक भी थे. चारों बगीचे में पहुंचे. तभी रिया भी स्कूटी लेकर वहां आ गयी. हम लोग ब्लॉक परिसर की दीवार के उस पार चले गये और वहां बैठ गये, जबकि आसिफ और रिया दोनों बगीचे में आम के पेड़ के पास ही रह गये. दानिश ने ही पिस्टल में गोली भर कर दिया था. कुछ देर बाद एक फायर हुआ. एक मिनट के अंदर दूसरा फायर हुआ. हमलोगों ने समझा कि रिया को गोली चलाना आसिफ सिखा रहा है, लेकिन काफी देर बाद भी जब दूसरा फायर नहीं हुआ और वह दोनों भी कुछ जवाब नहीं दिये, तब हम लोगों ने जाकर देखा, तो दोनों मृत पड़े हुए थे.

जब डीआइजी मनु महाराज एवं एसपी गौरव मंगला ने एसएफएल जांच के बाद कड़ाई से पूछताछ की तो उसने पुलिस को सच्चाई बतायी. दानिश ने बताया कि हथियार उपलब्ध कराने के बहाने उसने अपने मित्र आसिफ व उसकी प्रेमिका को घटनास्थल के पास बुलाया. इसके बाद वह और उसके साथियों ने रिया के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया, जिसका आसिफ ने विरोध किया तो दानिश व तीनों दोस्तों ने मिलकर आसिफ व रिया की गोली मार कर हत्या कर दी.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Tags

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन