मोतिहारी में DM का बड़ा निर्देश, 18 साल के युवाओं का वोटर लिस्ट में जोड़ें नाम, स्कूल-कॉलेजों में चलेगा अभियान
कार्यक्रम का उद्घाटन करते डीएम व अन्य
मोतिहारी में निर्वाचन साक्षरता क्लबों की कार्यशाला में DM सुमन सौरभ यादव ने 18 साल के युवाओं का वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने के निर्देश दिए. मतदान जागरूकता पर जोर.
Motihari News: मोतिहारी. महात्मा गांधी प्रेक्षा गृह में मंगलवार को निर्वाचन साक्षरता क्लबों के लिए एक दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया. कार्यशाला का उद्घाटन डीएम सुमन सौरभ यादव, डीडीसी डॉ. प्रदीप कुमार, नगर आयुक्त आशीष कुमार, सहायक समाहर्ता राम कृष्ण झा, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी आशुतोष राय और जिला शिक्षा पदाधिकारी राजन कुमार गिरि ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया.
कार्यशाला का उद्देश्य जिले के सभी विद्यालयों, महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में गठित निर्वाचन साक्षरता क्लबों को सक्रिय करना और युवाओं व भावी मतदाताओं में मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा.
निर्वाचन साक्षरता क्लब को बताया लोकतंत्र की पाठशाला
डीएम सुमन सौरभ यादव ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाताओं की अधिक से अधिक भागीदारी जरूरी है. उन्होंने निर्वाचन साक्षरता क्लबों को लोकतंत्र की पाठशाला बताते हुए कहा कि इनके माध्यम से छात्र-छात्राएं स्वयं जागरूक होने के साथ अपने परिवार और समाज को भी जागरूक कर सकते हैं.
उन्होंने जिले के सरकारी और निजी उच्च विद्यालय, उच्च माध्यमिक विद्यालय, महाविद्यालय और महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय के निर्वाचन साक्षरता क्लबों को सक्रिय रूप से काम करने का निर्देश दिया.
मतदाता सूची में नाम जोड़ने पर विशेष जोर
डीएम ने नोडल शिक्षकों और प्रधानाध्यापकों के साथ सभी प्राचार्यों को मतदाता सूची में नाम जोड़ने से संबंधित गतिविधियां नियमित रूप से आयोजित करने का निर्देश दिया.
कार्यशाला में बताया गया कि 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ा जाना है. इसके लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन करने की जानकारी दी गयी.
नैतिक मतदान और स्वीप गतिविधियों की दी जानकारी
जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी आशुतोष राय ने स्वीप कार्यक्रम और निर्वाचन साक्षरता क्लब के गठन, कार्य एवं दायित्वों को लेकर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया.
उन्होंने क्लबों के माध्यम से युवाओं और भावी मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया, मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और नैतिक मतदान से संबंधित जानकारी देने पर जोर दिया.
स्कूल-कॉलेजों में नियमित होंगी जागरूकता गतिविधियां
जिला शिक्षा पदाधिकारी राजन कुमार गिरि ने कहा कि सभी विद्यालयों और महाविद्यालयों में भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों के अनुरूप निर्वाचन साक्षरता से जुड़ी गतिविधियों को समय पर प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा.
उन्होंने संस्थानों के नोडल शिक्षकों और संबंधित अधिकारियों से क्लब की गतिविधियों को नियमित रूप से संचालित करने की बात कही.
कार्यशाला में ये अधिकारी रहे मौजूद
कार्यशाला में सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, विभिन्न महाविद्यालयों के प्राचार्य और निर्वाचन साक्षरता क्लबों के नोडल शिक्षक शामिल हुए.
इस मौके पर जिला कार्यक्रम पदाधिकारी माध्यमिक रेयाज अहमद, नागेन्द्र प्रसाद, रमेश कुमार समेत अन्य अधिकारी और कर्मी मौजूद रहे. कार्यक्रम का मंच संचालन कमलेश कुमार सिंह ने किया.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए