रक्सौल में ईओ विमल कुमार की हत्या पर शोकसभा, सीबीआई जांच की मांग

Updated:
विज्ञापन

शोक सभा में शामिल कलवार कल्याण समिति के पदाधिकारी. | Prabhat Khabar Network

रक्सौल में ईओ विमल कुमार की हत्या के विरोध में आयोजित शोकसभा में लोगों ने गहरा दुख व्यक्त किया. घटनास्थल पर सीबीआई जांच और दोषियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की मांग उठी, साथ ही परिजनों को मुआवजा व नौकरी देने की गुहार लगाई गई.

विज्ञापन

Raxaul News: रक्सौल में बुधवार को कलवार कल्याण समिति एवं कलवार महिला मंच के संयुक्त तत्वावधान में डेहरी नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी स्वर्गीय विमल कुमार की हत्या के विरोध में शोकसभा आयोजित की गई. रामजानकी मंदिर परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए दोषियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई और मामले की सीबीआई जांच की मांग की.

कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल

शोकसभा को संबोधित करते हुए समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि जिस राज्य में प्रशासनिक अधिकारी ही सुरक्षित नहीं हैं, वहां आम नागरिकों की सुरक्षा पर भी गंभीर सवाल खड़े होते हैं. वक्ताओं ने कहा कि स्वर्गीय विमल कुमार की हत्या केवल एक अधिकारी की हत्या नहीं, बल्कि कानून-व्यवस्था के लिए भी गंभीर चुनौती है.

सीबीआई जांच की उठी मांग

सभा में उपस्थित लोगों ने एक स्वर में पूरे मामले की निष्पक्ष जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से कराने की मांग की. उनका कहना था कि मामले की गहराई से जांच कर साजिश में शामिल सभी दोषियों की पहचान की जाए और उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए.

परिजनों को मुआवजा और नौकरी देने की मांग

समिति के सदस्यों ने सरकार से मृतक के परिजनों को उचित आर्थिक मुआवजा देने और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी उपलब्ध कराने की मांग भी की. वक्ताओं ने कहा कि सरकार को संवेदनशीलता दिखाते हुए इस मामले में शीघ्र न्याय सुनिश्चित करना चाहिए.

दो मिनट का मौन रख दी श्रद्धांजलि

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर स्वर्गीय विमल कुमार की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की.

इस अवसर पर कलवार कल्याण समिति के धीरज कुमार, अजय कुमार, चंदन कुमार, सोनू कुमार, सागर कुमार, मोहित कुमार, रंजीत कुमार गुप्ता तथा कलवार महिला मंच की अध्यक्ष किरण गुप्ता, अनीता गुप्ता, रानी गुप्ता सहित कई पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे.

यह भी पढ़ें: मोतिहारी सदर अस्पताल में समीक्षा बैठक, अनावश्यक रेफरल पर सख्ती और आईसीयू विस्तार का दिखा असर


विज्ञापन
मनोज कुमार गुप्ता

लेखक के बारे में

By मनोज कुमार गुप्ता

मनोज कुमार गुप्ता बीते 15 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. वह प्रिंट, रेडियो और डिजिटल माध्यमों का व्यापक अनुभव रखते हैं. वर्तमान में भारत-नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्र से रिपोर्टिंग करते हुए अंतरराष्ट्रीय संबंधों, सीमा सुरक्षा और नेपाल की खबरों पर पैनी नजर रखते हैं. सामाजिक सरोकारों में गहरी रुचि के साथ वे क्षेत्र की जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने और उनके समाधान के प्रयासों के लिए जाने जाते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन