उत्पाद विभाग के गेट पर घूसखोरी, वीडियो वायरल होने पर दो महिला होमगार्ड्स ड्यूटी से हटाई गईं
वीडियो वायरल होने पर दो महिला होमगार्ड्स ड्यूटी से हटाई गईं
मोतिहारी उत्पाद विभाग में रिश्वतखोरी का वीडियो वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया है. मुख्य द्वार पर मुलाकाती से पैसे मांग रहीं दो महिला होमगार्ड्स को तत्काल प्रभाव से ड्यूटी से हटा दिया गया है. मामले में विस्तृत जांच जारी है.
Excise Department: मोतिहारी स्थित उत्पाद जिला मुख्यालय कार्यालय के मुख्य द्वार पर मुलाकाती से खुलेआम अवैध वसूली करने के मामले में प्रशासन ने बेहद सख्त रुख अपनाया है. रिश्वतखोरी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद मद्यनिषेध विभाग में हड़कंप मच गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए मद्यनिषेध सहायक आयुक्त ओमप्रकाश ने त्वरित जांच कराई और वीडियो में दिख रही दोनों महिला होमगार्ड्स को तत्काल प्रभाव से उत्पाद कार्यालय की ड्यूटी से हटा दिया है.
Female Homeguard Video: सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था अवैध वसूली का वीडियो
जानकारी के अनुसार, उत्पाद जिला मुख्यालय कार्यालय में अपने काम या पकड़े गए परिजनों से मिलने आने वाले लोगों से मुख्य गेट पर ही पैसों की मांग की जा रही थी. इसी दौरान किसी मुलाकाती ने गेट पर तैनात महिला सुरक्षाकर्मियों द्वारा पैसे लेने का वीडियो छिपकर बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर साझा कर दिया. वीडियो सामने आते ही विभाग की कार्यशैली और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े होने लगे.
जांच में सही पाया गया वीडियो, दोनों महिला कर्मियों की हुई पहचान
मामला संज्ञान में आते ही मद्यनिषेध सहायक आयुक्त ओमप्रकाश ने बिना किसी देरी के जांच के निर्देश दिए. प्रारंभिक जांच में वायरल वीडियो की पुष्टि हुई और उसमें नजर आ रहीं दोनों महिला गृह रक्षकों की पहचान सोनाली कुमारी सैनी और सोनाली कुमारी के रूप में की गई. दोनों कर्मियों की संलिप्तता प्रथम दृष्ट्या पुख्ता पाए जाने के बाद विभाग ने अविलंब कड़ा कदम उठाया.
मूल विभाग में वापस भेजी गईं दोनों होमगार्ड्स
कार्यालय परिसर में अनुशासन बनाए रखने और भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने के लिए प्रशासन ने दोनों महिला होमगार्ड्स को तत्काल प्रभाव से उत्पाद मुख्यालय से कार्यमुक्त कर दिया. दोनों को वापस उनके मूल होमगार्ड विभाग में भेज दिया गया है. सहायक आयुक्त ने स्पष्ट किया कि ऑन ड्यूटी किसी भी प्रकार का भ्रष्टाचार या लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
अन्य कर्मियों पर भी गिर सकती है गाज, अनुशासनात्मक जांच शुरू
वरीय अधिकारियों के निर्देश पर इस पूरे प्रकरण में अब विस्तृत कानूनी और विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है. अधिकारी इस बात की भी गहन जांच करा रहे हैं कि इस अवैध वसूली के खेल में क्या कोई अन्य सुरक्षाकर्मी या कार्यालय का कर्मचारी भी शामिल था. इस सख्त कार्रवाई से विभाग में अवैध उगाही करने वालों के बीच हड़कंप मचा हुआ है.
यह भी पढ़ें... 90 दिन पुराने ट्रैफिक चालान पर मिलेगी 50% छूट, राष्ट्रीय लोक अदालत में बने 24 काउंटर
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए