रक्सौल में सजी प्रतिभाओं की महफिल! 1000 छात्रों के बीच बौद्धिक मुकाबला, सांसद संजय जायसवाल बोले- 'यही हैं विकसित भारत की नींव'

Updated:
विज्ञापन

छात्र-छात्राओं को संबोधित करते सांसद डा. संजय जयसवाल

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

भारती फाउंडेशन ने रक्सौल में 1000 से अधिक छात्रों के लिए एक विशाल प्रतिभा खोज प्रतियोगिता का आयोजन किया. सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने इसे 'विकसित भारत' के भविष्य की नींव बताया. इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों की छिपी प्रतिभाओं को मंच देना है.

विज्ञापन

Raxual News: शहर के ऐतिहासिक हजारीमल उच्च विद्यालय के प्रांगण में शनिवार को भारती फाउंडेशन की ओर से ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत एक भव्य प्रतिभा खोज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. इस बौद्धिक प्रतियोगिता में रक्सौल नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के विभिन्न विद्यालयों से हाई स्कूल तथा 11वीं एवं 12वीं कक्षा के करीब एक हजार छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. छात्र-छात्राओं ने अपनी बौद्धिक क्षमता, तार्किक कौशल और सामान्य ज्ञान का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया. कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि पश्चिमी चंपारण के सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया.

विज्ञापन
प्रतिभा खोज प्रतियोगिता में शामिल छात्राएं | Prabhat Khabar Network
प्रतिभा खोज प्रतियोगिता में शामिल छात्राएं

इन्हीं बच्चों में छिपा है विकसित भारत का भविष्य: सांसद डॉ. संजय जायसवाल

समारोह को संबोधित करते हुए सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने भारती फाउंडेशन के इस प्रयास की भूरि-भूरि सराहना की और कहा कि रक्सौल जैसे सीमावर्ती इलाके में एक साथ एक हजार छात्र-छात्राओं को साझा मंच पर लाकर बौद्धिक प्रतिस्पर्धा कराना अपने आप में एक प्रेरक पहल है. उन्होंने कहा, "आज की यह प्रतियोगिता महज एक परीक्षा नहीं, बल्कि आपके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है. इन्हीं बच्चों में से आने वाले समय में देश के शीर्ष डॉक्टर, इंजीनियर, वैज्ञानिक और प्रशासनिक अधिकारी निकलेंगे, जो विकसित भारत के सपने को साकार करेंगे." उन्होंने जोर दिया कि ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, बस उन्हें सही मार्गदर्शन, अवसर और मंच उपलब्ध कराने की जरूरत है.

भविष्य की कड़ी प्रतिस्पर्धाओं के लिए तैयार करेगी यह पहल: प्रो. अनिल सिन्हा

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में पहुंचे बिहार राज्य विश्वविद्यालय सेवा आयोग के सदस्य प्रो. डॉ. अनिल कुमार सिन्हा ने कहा कि मौजूदा दौर कड़ी शैक्षणिक व पेशेवर प्रतिस्पर्धा का है. ऐसे में विद्यालय स्तर पर आयोजित होने वाली यह परीक्षा विद्यार्थियों को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की आगामी प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए मानसिक रूप से तैयार करने में मील का पत्थर साबित होगी. वहीं प्रमुख सामाजिक कार्यकर्ता गुड्डू सिंह ने भारती फाउंडेशन को शिक्षा के प्रति पूरी तरह समर्पित संस्था बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से छात्र-छात्राओं को सही मार्गदर्शन और नई दिशा मिलती है.

अब अनुमंडल स्तर पर भी होगी प्रतियोगिता: प्रो. मनीष दूबे

भारती फाउंडेशन के ट्रस्टी प्रो. मनीष दूबे ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि सामान्यतः प्राथमिक या मिडिल स्तर पर छोटी प्रतियोगिताएं होती रहती हैं, लेकिन हाई स्कूल और इंटरमीडिएट स्तर के एक हजार विद्यार्थियों को जोड़ना एक बड़ी उपलब्धि है. विद्यार्थियों के जबरदस्त उत्साह को देखते हुए उन्होंने घोषणा की कि आने वाले समय में इस प्रतिभा खोज प्रतियोगिता का दायरा बढ़ाकर इसे पूरे अनुमंडल स्तर पर बड़े पैमाने पर आयोजित किया जाएगा. कार्यक्रम को राजकिशोर राय उर्फ भगत जी, इंजीनियर जितेंद्र कुमार और सुरेश कुमार ने भी संबोधित किया.

आयोजन को सफल बनाने में जुटी रही पूरी टीम

इस विशाल प्रतियोगिता के सफल आयोजन एवं सुचारू संचालन में रिंकू श्रीवास्तव, मुकेश कुमार, संतोष छात्रवंशी, साजन कुमार, नीरज कुशवाहा, कृष्ण प्रसाद, मनोज शर्मा, दुर्गेश साह, अवनीत कुमार मिश्रा, नितेश कुमार, रवि कुमार, सतीश कुमार, अमित यादव, राहुल गुप्ता, अभिषेक कुमार, अभिमन्यु कुमार, आदित्य तिवारी, मुन्ना गुप्ता, पवन कुमार गुप्ता, कुंदन शर्मा और रामबाबू शर्मा सहित फाउंडेशन के कई स्वयंसेवकों व सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन