स्कूलों में गीला-सूखा कचरा होगा अलग, हर छात्र बनेगा SWM एंबेसडर, शिक्षा विभाग का नया निर्देश

प्रतीकात्मक तस्वीर
बिहार के सभी स्कूलों में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमावली 2026 लागू होगी। छात्र बनेंगे SWM एंबेसडर और समाज में स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाएंगे।
Solid Waste Management Rules 2026: बिहार के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में अब Solid Waste Management (SWM) Rules, 2026 को प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा. इस संबंध में शिक्षा विभाग के अंतर्गत राज्य शिक्षा शोध एवं प्रशिक्षण परिषद (SCERT) ने सभी जिलों को निर्देश जारी किए हैं.
इस पहल का उद्देश्य स्कूली बच्चों के माध्यम से समाज में स्वच्छता की आदत विकसित करना और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को जन-आंदोलन का रूप देना है.
हर स्कूल में कचरा अलग-अलग करना होगा अनिवार्य
SCERT के निदेशक यतेन्द्र कुमार पाल (IAS) द्वारा जारी निर्देश के अनुसार सभी राजकीय, राजकीयकृत, सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को दैनिक व्यवस्था का हिस्सा बनाया जाएगा.
स्कूलों में गीले, सूखे, सैनिटरी और अन्य प्रकार के कचरे का स्रोत स्तर पर ही पृथक्करण अनिवार्य होगा. साथ ही विद्यार्थियों को कचरे के पुनः उपयोग, पुनर्चक्रण और वैज्ञानिक निस्तारण की व्यावहारिक जानकारी भी दी जाएगी.
छात्र निभाएंगे SWM एंबेसडर की भूमिका
इस अभियान के तहत प्रत्येक विद्यालय के छात्र-छात्राओं को SWM एंबेसडर के रूप में तैयार किया जाएगा.
ये छात्र अपने परिवार और समुदाय में स्वच्छता तथा अपशिष्ट प्रबंधन को लेकर जागरूकता फैलाने का काम करेंगे और व्यवहार परिवर्तन के प्रेरक बनेंगे.
प्रार्थना सभा और PTM में भी होगा जागरूकता अभियान
निर्देश के अनुसार प्रत्येक विद्यालय के साप्ताहिक चेतना सत्र (प्रार्थना सभा) में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, प्लास्टिक कचरा कम करने, पुनः उपयोग और पुनर्चक्रण पर नियमित संदेश दिए जाएंगे.
इसके अलावा अभिभावक-शिक्षक बैठक (PTM) में भी Solid Waste Management को अनिवार्य एजेंडा बनाया जाएगा, ताकि अभिभावकों को घरों में गीले और सूखे कचरे को अलग रखने के लिए प्रेरित किया जा सके.
रैली, चित्रकला और स्वच्छता शपथ जैसे कार्यक्रम होंगे
स्कूलों में नियमित रूप से प्रभात फेरी, रैली, चित्रकला प्रतियोगिता, निबंध लेखन, वाद-विवाद, प्रश्नोत्तरी, स्वच्छता शपथ और दीवार लेखन जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी.
इन कार्यक्रमों में इको क्लब, बाल संसद, मीना मंच तथा स्काउट एवं गाइड की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी.
जिला स्तर पर बनेगा स्पेशल सेल
अभियान की निगरानी के लिए प्रत्येक जिले में जिला शिक्षा पदाधिकारी की देखरेख में स्पेशल सेल का गठन किया जाएगा.
हर विद्यालय को निर्धारित प्रारूप में मासिक SWM अनुपालन रिपोर्ट जिला शिक्षा कार्यालय को भेजनी होगी. इसमें SWM नोडल शिक्षक का नाम, डस्टबिन की उपलब्धता और आयोजित गतिविधियों का विवरण शामिल रहेगा.
इसके बाद जिला शिक्षा पदाधिकारी सभी विद्यालयों की रिपोर्ट संकलित कर प्रत्येक माह Action Taken Report (ATR) शिक्षा विभाग और परिषद कार्यालय को उपलब्ध कराएंगे.
बेहतर प्रदर्शन करने वाले स्कूल होंगे सम्मानित
शिक्षा विभाग के निर्देश के अनुसार ठोस अपशिष्ट प्रबंधन सप्ताह, स्वच्छता पखवाड़ा और विश्व पर्यावरण दिवस जैसे अवसरों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.
अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यालयों की पहचान कर उन्हें जिला और राज्य स्तर पर सम्मानित करने के लिए नामित किया जाएगा.
इस संबंध में जिला शिक्षा पदाधिकारी राजन कुमार गिरी ने बताया कि विभागीय निर्देशों के आलोक में जिले में आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By अमृतेश कुमार
अमृतेश 15 वर्षों से प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय हैं. खबर पर हमेशा पैनी नजर रखने वाले अमृतेश को क्षेत्रीय और जमीनी स्तर की रिपोर्टिंग का लंबा अनुभव है. वर्तमान में ये डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में अपनी लेखनी के जरिए लगातार सक्रिय हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










