मधुबन अस्पताल में जलजमाव और गंदगी देख SDO भड़के, मरीजों की सुविधाओं को लेकर दिए कई निर्देश

Updated:
विज्ञापन

मधुबन सीएचसी में आई सेंटर का निरीक्षण करती पकड़ीदयाल एसडीओ मंगला कुमारी

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

पकड़ीदयाल एसडीओ मंगला कुमारी ने मधुबन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया. अस्पताल परिसर में गंदगी, जलजमाव और गुटखा-पान मसाला की पीक पर उन्होंने गहरी नाराजगी जताई. उन्होंने मरीजों को बेहतर सुविधाएं देने के निर्देश दिए.

विज्ञापन

Motihari News: मधुबन. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मधुबन का शुक्रवार को पकड़ीदयाल एसडीओ मंगला कुमारी ने औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में गंदगी, जलजमाव और जगह-जगह गुटखा व पान मसाला की पीक देखकर उन्होंने नाराजगी जतायी. एसडीओ ने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के साथ मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने को लेकर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी और स्वास्थ्यकर्मियों को आवश्यक निर्देश दिये.

विज्ञापन

अस्पताल परिसर में गंदगी और जलजमाव पर SDO नाराज

निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में जगह-जगह गंदगी और जलजमाव पाया गया. कई स्थानों पर गुटखा व पान मसाला की पीक भी दिखी. इस पर एसडीओ मंगला कुमारी ने नाराजगी जताते हुए प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को सफाई एजेंसी के माध्यम से तत्काल पूरे परिसर की बेहतर तरीके से सफाई कराने का निर्देश दिया.

गुटखा-पान मसाला थूकने वालों पर लगेगा जुर्माना

एसडीओ ने अस्पताल परिसर में गुटखा और पान मसाला खाकर थूकने वालों के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया. उन्होंने ऐसे लोगों पर जुर्माना लगाने की बात कही. इसके साथ ही अस्पताल परिसर में उगी झाड़ियों की भी तत्काल सफाई कराने को कहा, ताकि परिसर साफ और व्यवस्थित रखा जा सके.

आई सेंटर में खुद आंखों की जांच कर सुविधाएं देखीं

निरीक्षण के क्रम में एसडीओ ने अस्पताल में संचालित आई सेंटर का जायजा लिया. उन्होंने स्वयं आंखों की जांच कराकर केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली. इस दौरान उन्होंने केंद्र में मरीजों को दी जा रही सेवाओं और उपलब्ध व्यवस्थाओं के बारे में भी जानकारी प्राप्त की.

लेबर रूम में बेडशीट की शिकायत सामने आयी

इसके बाद एसडीओ ने लेबर रूम का निरीक्षण किया. उन्होंने वहां साफ-सफाई, संस्थागत प्रसव और प्रसूताओं को उपलब्ध करायी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली. लेबर रूम में मौजूद एएनएम ने आवश्यकता के अनुसार समय पर बेडशीट उपलब्ध नहीं होने की शिकायत एसडीओ से की. इस पर उन्होंने संबंधित व्यवस्था को लेकर आवश्यक निर्देश दिये.

दवा भंडार में जीवन रक्षक दवाओं का लिया स्टॉक

एसडीओ ने अस्पताल के दवा भंडार का भी निरीक्षण किया. उन्होंने जीवन रक्षक दवाओं समेत अन्य आवश्यक दवाओं की उपलब्धता और स्टॉक की जानकारी ली. इसके साथ ही स्वास्थ्यकर्मियों को अस्पताल आने वाले मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने और व्यवस्थाओं को सुचारु रखने के निर्देश दिये.

मौके पर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. इंद्रजीत कुमार, डॉ. संतोष कुमार, अमित कुमार समेत अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद थे.

ये भी पढ़ें: 10 फीट के अजगर को देखकर मची अफरा-तफरी, सूचना के घंटों बाद भी नहीं पहुंची रेस्क्यू टीम

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन